ब्लड सैंपल के साथ रील बनाकर मुसीबत में फंसीं 3 महिला टेक्नीशियन, नौकरी से हुईं बर्खास्त

दुर्ग अस्पताल की लैब में मरीजों के ब्लड सैंपल के साथ रील बनाना तीन महिला टेक्नीशियनों को भारी पड़ गया। दुर्ग जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ड्यूटी के दौरान बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया। जांच और जवाब-तलब की प्रक्रिया के बाद HLL लाइफकेयर लिमिटेड ने तीनों महिला कर्मियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया।

दरअसल, तीनों महिला टेक्नीशियनों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था, जिसमें वे लैब के भीतर अलग-अलग अंदाज में रील बनाती नजर आ रही थीं। एक वीडियो में टेस्ट ट्यूब हाथ में लेकर कैटवॉक करती दिखाई दीं, जबकि दूसरे वीडियो में लैब की चेयर पर बैठकर मस्ती करते हुए वीडियो बनाया गया था। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों की जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठने लगे।

सिविल सर्जन ने मांगा जवाब

वीडियो वायरल होने के बाद सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने अटल आरोग्य लैब के प्रभारी डॉ. जेपी मेश्राम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। नोटिस में यह स्पष्ट करने को कहा गया कि ड्यूटी के दौरान लैब के अंदर वीडियो कैसे बनाया गया और उस समय संबंधित कर्मचारियों की क्या जिम्मेदारी थी।

जानकारी के मुताबिक, तीनों महिला टेक्नीशियनों ने 24 अगस्त को रील बनाई थी। करीब पांच दिन बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने जांच शुरू की और संबंधित लैब प्रभारी से जवाब मांगा।

HLL लाइफकेयर ने की बर्खास्तगी

नोटिस और जांच के बाद लैब प्रभारी की ओर से संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए HLL लाइफकेयर लिमिटेड को पत्र भेजा गया। इसके बाद कंपनी ने तीनों महिला कर्मियों को सेवा से हटा दिया।

अस्पताल प्रबंधन अब यह भी देख रहा है कि जिस समय रील बनाई गई, उस दौरान लैब में होने वाली जांच और मरीजों की सेवाओं पर इसका कोई असर पड़ा था या नहीं।

सिविल सर्जन ने दी कार्रवाई की जानकारी

सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद HLL लैब इंचार्ज को नोटिस जारी किया गया था। लैब इंचार्ज ने वीडियो में नजर आ रहे स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई के लिए HLL लाइफकेयर लिमिटेड को पत्र लिखा था। इसके बाद HLL ने संबंधित तीनों कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया।

बता दें कि छत्तीसगढ़ सरकार ने HLL लाइफकेयर लिमिटेड के सहयोग से अटल आरोग्य लैब योजना शुरू की है। इसके तहत लोगों को उन्नत और निशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

HIV जांच रिपोर्ट को लेकर भी विवाद में रही थी लैब

अटल आरोग्य लैब इससे पहले जांच रिपोर्ट को लेकर भी सवालों के घेरे में आ चुकी है। जिला अस्पताल में भर्ती 24 वर्षीय युवक की HIV जांच रिपोर्ट पहले पॉजिटिव आई थी। युवक ने रिपोर्ट पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोबारा जांच कराई गई। दूसरी जांच में रिपोर्ट निगेटिव आई।

मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने लैब से जानकारी मांगी थी। साथ ही जांच में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की पड़ताल और उनके उचित कैलिब्रेशन के निर्देश भी दिए गए थे।

अब रील बनाने के मामले में तीन महिला टेक्नीशियनों पर हुई कार्रवाई के बाद अस्पताल प्रबंधन की ओर से ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों के आचरण और लैब की कार्यप्रणाली को लेकर सख्ती बरती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *