लखनऊ: वाराणसी से दिल्ली के लिए उड़ान भरने के बाद एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान को अचानक लखनऊ की ओर मोड़ना पड़ा। विमान के कार्गो होल्ड में स्मोक डिटेक्शन अलार्म सक्रिय होने के बाद पायलट ने एहतियात के तौर पर इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया। फ्लाइट को सुरक्षित रूप से लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतार लिया गया।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-1253 ने गुरुवार सुबह करीब 8 बजे वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान कार्गो कंपार्टमेंट में धुएं का संकेत देने वाला अलार्म बजा। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पायलट ने लखनऊ ATC से संपर्क किया और विमान को डायवर्ट करने की अनुमति मांगी।
155 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
ATC से अनुमति मिलने के बाद विमान को लखनऊ की ओर मोड़ दिया गया। करीब 8:52 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। विमान के एयरपोर्ट पर पहुंचते ही फायर ब्रिगेड, CISF और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम को सक्रिय कर दिया गया।
विमान में सवार 155 यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकालकर टर्मिनल तक पहुंचाया गया। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
तकनीकी टीम ने शुरू की जांच
लैंडिंग के बाद विमान को अलग टैक्सी-वे पर खड़ा किया गया। इसके बाद इंजीनियरों ने कार्गो होल्ड और विमान के अन्य हिस्सों की तकनीकी जांच की। शुरुआती जांच में कहीं भी आग या धुएं के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं।
ऐसे में सेंसर या स्मोक डिटेक्शन सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी के कारण अलार्म सक्रिय होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अलार्म किस वजह से बजा, इसकी अंतिम पुष्टि तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
यात्रियों की आगे की यात्रा पर फैसला बाकी
घटना के बाद एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। विमान को फिलहाल लखनऊ एयरपोर्ट पर ही रखा गया है और तकनीकी टीम इसकी जांच कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर विमान में किसी भी संभावित तकनीकी चेतावनी को लेकर बरती जाने वाली सावधानी को सामने ला दिया है। अलार्म फॉल्स साबित हुआ या इसके पीछे कोई अन्य तकनीकी कारण था, इसकी जानकारी विस्तृत जांच के बाद सामने आएगी।