हिना-रुबीना की टिप्पणी पर भड़के असीम रियाज, सोशल मीडिया पर दिया करारा जवाब

मुंबई: सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर असीम रियाज और टीवी अभिनेत्रियों रुबीना दिलैक व हिना खान के बीच जुबानी जंग तेज होती नजर आ रही है। एक हालिया पॉडकास्ट में असीम रियाज के रियलिटी शोज में योगदान और उनके व्यवहार को लेकर चर्चा हुई थी। अब असीम ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर दोनों अभिनेत्रियों पर तीखा पलटवार किया है।

असीम रियाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक नोट शेयर करते हुए लिखा कि उन्होंने पॉडकास्ट की एक क्लिप देखी, जिसमें टीवी इंडस्ट्री के लोग उनके बारे में चर्चा कर रहे थे। असीम ने दावा किया कि वह रियलिटी शोज में टीआरपी लाते हैं। उन्होंने अपने पोस्ट में टीवी सितारों पर तंज कसते हुए उन्हें अपने करियर के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि वे इंडस्ट्री में कठपुतली बनकर अपनी भूमिका निभाते रहें।

पॉडकास्ट में असीम के दावे पर हुई चर्चा

दरअसल, रुबीना दिलैक और उनके पति अभिनव शुक्ला ‘द4पीओवी’ नाम से पॉडकास्ट चलाते हैं। हालिया एपिसोड में हिना खान और उनके पति रॉकी भी शामिल हुए थे। बातचीत के दौरान पब्लिसिटी, विवाद और रियलिटी शोज की लोकप्रियता में कंटेस्टेंट्स की भूमिका पर चर्चा हुई।

इसी दौरान असीम रियाज के उन बयानों का भी जिक्र हुआ, जिनमें उन्होंने अलग-अलग रियलिटी शोज की लोकप्रियता और टीआरपी में अपने योगदान की बात कही थी। हिना खान ने एक इंटरव्यू का हवाला देते हुए कहा कि असीम अपने प्रभाव को इस तरह पेश कर रहे थे, जैसे उनकी वजह से ही कुछ रियलिटी शोज को लोकप्रियता मिली।

रुबीना ने लगाए अभद्र व्यवहार के आरोप

पॉडकास्ट के दौरान रुबीना दिलैक ने असीम रियाज के साथ काम करने के अनुभव को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। रुबीना के मुताबिक, ‘बैटलग्राउंड’ की शूटिंग के दौरान असीम ने क्रू और क्रिएटिव टीम के सदस्यों के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और गाली-गलौज की।

रुबीना ने यह भी आरोप लगाया कि असीम को इस बात का घमंड है कि उनकी मौजूदगी से रियलिटी शोज हिट होते हैं और उन्हें टीआरपी मिलती है। उन्होंने असीम को शो के लिए ‘परेशानी का सबब’ बताते हुए उनके व्यवहार और करियर को लेकर भी सवाल उठाए।

असीम और रुबीना पहले भी साथ कर चुके हैं काम

रुबीना दिलैक और असीम रियाज इससे पहले ‘बैटलग्राउंड’ और ‘खतरों के खिलाड़ी’ जैसे रियलिटी शोज में साथ नजर आ चुके हैं। पॉडकास्ट में रुबीना की टिप्पणियों के बाद अब असीम की प्रतिक्रिया सामने आई है।

फिलहाल दोनों पक्षों के बयानों को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज है और असीम रियाज की पोस्ट के बाद यह विवाद और बढ़ता नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *