श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। नवी मुंबई से यात्रियों को लेकर श्रीनगर पहुंची इंडिगो की फ्लाइट लैंडिंग के बाद पार्किंग क्षेत्र में लगे एक खंभे से टकरा गई। हादसे के समय विमान में यात्री और क्रू मेंबर्स सवार थे। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री या चालक दल के सदस्य को चोट नहीं आई।
पार्किंग के दौरान VDGS सिस्टम से टकराया विमान
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E 225 (VT-NOG) सुबह करीब 9:02 बजे श्रीनगर एयरपोर्ट पर उतरी। लैंडिंग के बाद विमान को बे नंबर-6 पर पार्क किया जा रहा था। इसी दौरान विमान पार्किंग क्षेत्र में लगे विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम (VDGS) के खंभे से टकरा गया।
टक्कर के बाद कुछ देर के लिए यात्रियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। एयरपोर्ट अधिकारियों ने तत्काल स्थिति को संभाला और सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाला। घटना के बावजूद एयरपोर्ट पर अन्य उड़ानों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहा।
हादसे की उच्चस्तरीय जांच शुरू
श्रीनगर एयरपोर्ट पर हुई इस घटना को लेकर उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी गई है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विमान खंभे से कैसे टकराया।
अधिकारियों के मुताबिक, तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी। इसमें पायलट की संभावित चूक से लेकर डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम में तकनीकी खराबी तक सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। एविएशन सुरक्षा दल ने घटनास्थल का निरीक्षण भी शुरू कर दिया है।
24 घंटे में इंडिगो की दूसरी अप्रत्याशित घटना
इंडिगो के लिए पिछले 24 घंटे में यह दूसरी अप्रत्याशित घटना सामने आई है। इससे एक दिन पहले गुरुवार को दोहा से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 1302 को मस्कट की ओर डायवर्ट किया गया था। बताया गया कि उड़ान के दौरान मुख्य पायलट की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी।
इसके बाद विमान की मस्कट में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई और पायलट को मेडिकल सहायता दी गई। यात्रियों को आगे उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरे विमान और नए क्रू की व्यवस्था करनी पड़ी।
फिलहाल श्रीनगर एयरपोर्ट की घटना की जांच जारी है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि विमान की खंभे से टक्कर के पीछे मानवीय चूक थी या तकनीकी कारण।