बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना के काफिले पर हमला, 25 जवानों के मारे जाने का BLA का दावा

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में पाकिस्तानी सेना के एक काफिले पर घात लगाकर हमला किए जाने की खबर सामने आई है। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया है कि इस कार्रवाई में पाकिस्तानी सेना के 25 जवान मारे गए, जबकि दो सैन्य वाहन नष्ट हो गए। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

जियारत क्रॉस के पास काफिले को बनाया निशाना

‘द बलूचिस्तान पोस्ट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, BLA के प्रवक्ता ने दावा किया कि उसके लड़ाकों ने जियारत क्रॉस के पास गुजर रहे पाकिस्तानी सैन्य काफिले को निशाना बनाया। संगठन के अनुसार, हमलावरों ने सैन्य वाहनों पर गोलीबारी की और विस्फोटकों का इस्तेमाल किया।

BLA का कहना है कि हमले में सेना का एक भारी ट्रक समेत अन्य वाहन क्षतिग्रस्त हुए और आग की चपेट में आ गए। संगठन ने पहले 18 सैनिकों के मारे जाने का दावा किया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 25 बताया गया।

हमले से जुड़ा वीडियो जारी करने का दावा

हमले के बाद BLA ने अपने मीडिया चैनल ‘हक्कल’ के जरिए 1 मिनट 11 सेकंड का वीडियो जारी करने का दावा किया है। संगठन के मुताबिक, वीडियो में हमले के बाद का घटनास्थल और क्षतिग्रस्त सैन्य वाहन दिखाई दे रहे हैं।

BLA ने यह भी दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने सैन्य हथियार और गोला-बारूद अपने कब्जे में लिया। संगठन की ओर से ऑपरेशन का विस्तृत वीडियो बाद में जारी करने की बात कही गई है।

सुराब में दूसरे सैन्य वाहन पर हमले का दावा

बलूचिस्तान के सुराब के हाजिका इलाके में भी एक अन्य सैन्य वाहन को निशाना बनाए जाने का दावा किया गया है। BLA के मुताबिक, उसके स्पेशल टैक्टिकल ऑपरेशन्स स्क्वाड ने विस्फोटकों का इस्तेमाल कर सैन्य वाहन पर हमला किया।

संगठन ने इस घटना में भी 7 सैनिकों के मारे जाने का दावा किया है। हालांकि, इस दावे की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

लगातार सामने आए इन हमलों के दावों के बाद बलूचिस्तान में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्र में लंबे समय से पाकिस्तानी सुरक्षा बलों और बलूच अलगाववादी संगठनों के बीच संघर्ष जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *