छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, रायपुर समेत 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जबकि कई नदी-नाले उफान पर हैं। मौसम विभाग ने आने वाले समय में प्रदेश के अनेक हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान 16 से 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

11 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट

मौसम केंद्र ने बलरामपुर, सरगुजा, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, रायपुर, बिलासपुर, धमतरी, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, कोरबा और महासमुंद में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

राजधानी रायपुर में 4 सितंबर को अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बीते 24 घंटों के दौरान सरगुजा संभाग में कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई। पोंडी बचरा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 14 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

रायपुर में दिनभर छाए रहेंगे बादल

मध्य छत्तीसगढ़ के रायपुर संभाग में मौसम बदला हुआ रहेगा। राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहने तथा रुक-रुककर मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री रहने का अनुमान है।

बस्तर संभाग में भी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

दक्षिण छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में पिछले कुछ दिनों से बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश के चलते कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के बस्तर, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, नारायणपुर और कांकेर जिलों में मानसून के सक्रिय रहने का अनुमान जताया है।

इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने और वज्रपात की आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है बारिश का दौर

मौसम के मौजूदा सिस्टम को देखते हुए प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला आगे भी जारी रहने की संभावना है। भारी बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *