छत्तीसगढ़ की वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम का विश्व रिकॉर्ड, 11 हजार से अधिक ऑडियो बुक्स तैयार

दुर्ग जिले से शारदा और नंदा देशमुख सम्मानित

राज्यपाल के कर-कमलों से प्राप्त हुआ गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड का सम्मान

दुर्ग/ब्यूरो  रायपुर/दुर्ग। शिक्षा के क्षेत्र में समावेशिता, नवाचार और तकनीक के प्रभावी उपयोग का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए छत्तीसगढ़ की वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। टीम द्वारा 11 हजार से अधिक ऑडियो बुक्स तैयार किए जाने के कार्य को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। इसका प्रमाण-पत्र एवं सम्मान 3 सितंबर 2026 को लोकभवन, रायपुर में राज्यपाल रमेन डेका के कर-कमलों से प्रदान किया गया।

इस अवसर पर डॉ. सोनल राजेश शर्मा, सीजी हेड, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स सहित टीम के सदस्य उपस्थित रहे। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में दुर्ग जिले की शिक्षिका सुश्री के. शारदा एवं श्रीमती नंदा देशमुख की महत्वपूर्ण सहभागिता रही।

5 अक्टूबर 2024 से शुरू हुआ था अभियान

इस प्रेरणादायी अभियान की शुरुआत राष्ट्रपति पुरस्कृत शिक्षिका सुश्री के. शारदा के नेतृत्व में 5 अक्टूबर 2024 को की गई थी। उन्होंने स्वयं 1,800 से अधिक ऑडियो बुक्स का निर्माण किया। उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के करीब 30 समर्पित शिक्षक-शिक्षिकाएं इस अभियान से जुड़े हैं। ये शिक्षक अपने नियमित शैक्षणिक दायित्वों के साथ-साथ शाला समय के बाद विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण ऑडियो शैक्षणिक सामग्री तैयार कर रहे हैं।

दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए बना ज्ञान का सशक्त माध्यम

वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम का यह प्रयास विशेष रूप से दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए शिक्षा को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ऑडियो बुक्स के माध्यम से विद्यार्थी पाठ्य सामग्री को आसानी से सुनकर समझ सकते हैं। वहीं सामान्य विद्यार्थी भी सुनकर सीखने की आधुनिक पद्धति का लाभ उठा रहे हैं।

यह पहल शिक्षा को समावेशी, सुलभ और तकनीक-सम्मत बनाने के साथ ही प्रत्येक विद्यार्थी तक गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सामग्री पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।

दुर्ग की शिक्षिका नंदा देशमुख की भी सहभागिता

इस उपलब्धि में दुर्ग जिले की नंदा देशमुख, शिक्षिका, शासकीय प्राथमिक शाला सिरसा खुर्द की भी महत्वपूर्ण सहभागिता रही है। उन्होंने एनसीईआरटी कक्षा 10वीं की ऑडियो सामग्री निर्माण में योगदान दिया है।

107 से अधिक प्लेलिस्ट, 8 लाख से ज्यादा बार देखा गया चैनल

वर्ल्ड ऑडियो बुक चैनल पर वर्तमान में 107 से अधिक प्लेलिस्ट उपलब्ध हैं और ऑडियो शैक्षणिक सामग्री को 8 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है। टीम का प्रयास है कि गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सामग्री विद्यार्थियों को कहीं भी और कभी भी उपलब्ध हो सके।

जल्द पूरा होगा 11 हजार ऑडियो बुक्स का लक्ष्य

सुश्री के. शारदा ने बताया कि टीम का मूल उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी तक गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सामग्री पहुंचाना है, ताकि किसी भी बच्चे की शिक्षा उसकी शारीरिक अथवा अन्य सीमाओं के कारण बाधित न हो। उन्होंने कहा कि टीम जल्द ही 11 हजार ऑडियो बुक्स के निर्धारित लक्ष्य को पूर्ण कर लेगी।

शिक्षा जगत में इस उपलब्धि की व्यापक सराहना हो रही है। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम के इस प्रयास को विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी पहल बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *