BRICS समिट से पहले मोदी-पुतिन की अहम बैठक, 11 सितंबर को इन मुद्दों पर होगी सीधी बातचीत

नई दिल्ली। 18वें BRICS शिखर सम्मेलन से पहले भारत और रूस के बीच उच्चस्तरीय कूटनीतिक बातचीत होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच 11 सितंबर को नई दिल्ली में अहम द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है। रूस के राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन के प्रवक्ता दमित्री पेसकोव ने बैठक की पुष्टि करते हुए कहा है कि मॉस्को भारत के साथ अपनी ‘विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी’ को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है।

यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब दुनिया के कई हिस्सों में भू-राजनीतिक तनाव बढ़ा हुआ है और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर भी कई चुनौतियां सामने हैं। ऐसे में दोनों नेताओं की मुलाकात को भारत-रूस संबंधों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

रुपये-रूबल में व्यापार और ऊर्जा पर होगी चर्चा

क्रेमलिन के प्रवक्ता दमित्री पेसकोव ने भारत और रूस के बीच बढ़ते आर्थिक सहयोग का उल्लेख किया है। दोनों देशों के बीच व्यापार में राष्ट्रीय मुद्राओं यानी रुपये और रूबल के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जा रहा है।

बैठक में रक्षा, सुरक्षा, अंतरिक्ष अनुसंधान, असैन्य परमाणु एवं ऊर्जा सहयोग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और परिवहन जैसे रणनीतिक क्षेत्रों पर भी चर्चा होने की संभावना है। दोनों देशों के बीच हाल के वर्षों में लगातार उच्चस्तरीय संवाद जारी रहा है।

यूक्रेन संघर्ष और खाड़ी तनाव पर भी नजर

मोदी-पुतिन वार्ता में वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों के भी शामिल रहने की संभावना है। यूक्रेन संघर्ष की मौजूदा स्थिति, खाड़ी क्षेत्र में बढ़ता तनाव और इसके चलते वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति तथा अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभावों पर दोनों नेता विचार साझा कर सकते हैं।

इसके अलावा भारत और रूस के बीच व्यापारिक रिश्तों को और मजबूत करने तथा रूसी बाजार में भारतीय कंपनियों और भारत में रूसी कंपनियों के लिए नए अवसर तलाशने पर भी बातचीत हो सकती है।

INSTC और कनेक्टिविटी पर भी जोर

दोनों देशों के बीच संपर्क और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए इंटरनेशनल नॉर्थ-साउथ ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर (INSTC) को मजबूत करने का मुद्दा भी अहम हो सकता है। समुद्री लॉजिस्टिक्स और परिवहन ढांचे को बेहतर बनाने पर भी चर्चा की संभावना है।

12-13 सितंबर को होगा BRICS शिखर सम्मेलन

मोदी-पुतिन की बैठक 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन से ठीक पहले होगी। भारत की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर है।

सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के अलावा चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग सहित अन्य देशों के नेताओं के साथ भी द्विपक्षीय बैठकें होने की संभावना है। भारत इस मंच के जरिए ग्लोबल साउथ के देशों की प्राथमिकताओं और हितों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने की दिशा में भी जोर देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *