मुंबई। सोने और चांदी में गुरुवार को मिलाजुला कारोबार देखने को मिल रहा है। निवेशक दोनों कीमती धातुओं में आगे की दिशा तय करने से पहले अमेरिका के महंगाई आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं। अमेरिकी महंगाई डेटा 11 सितंबर को जारी किया जाना है, जिसका असर सोने-चांदी की कीमतों पर पड़ सकता है।
एमसीएक्स पर सोना मजबूत
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का 5 अक्टूबर 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 1,53,763 रुपये प्रति 10 ग्राम के मुकाबले मामूली कमजोरी के साथ 1,53,581 रुपये पर खुला। हालांकि, कारोबार के दौरान इसमें तेजी आई और यह 247 रुपये यानी 0.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,54,010 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता नजर आया।
कारोबार के दौरान सोने ने 1,53,581 रुपये का निचला और 1,54,450 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऊपरी स्तर छुआ।
चांदी में दिखी कमजोरी
दूसरी ओर, चांदी में दबाव देखने को मिला। MCX पर चांदी का 4 दिसंबर 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 2,44,213 रुपये प्रति किलो के मुकाबले 2,43,292 रुपये पर खुला। फिलहाल यह 523 रुपये यानी 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,43,690 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी।
कारोबार के दौरान चांदी ने 2,42,726 रुपये प्रति किलो का निचला स्तर और 2,44,300 रुपये प्रति किलो का ऊपरी स्तर छुआ।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी मिला-जुला रुख
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की चाल अलग-अलग रही। कॉमेक्स पर सोना 0.17 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ 4,467 डॉलर प्रति औंस पर रहा, जबकि चांदी 0.60 प्रतिशत की गिरावट के साथ 68.2 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी।
महंगाई आंकड़ों से तय होगी आगे की दिशा
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों से पहले निवेशक सतर्क रुख अपना रहे हैं। 11 सितंबर को जारी होने वाले अमेरिकी महंगाई डेटा से यह संकेत मिल सकता है कि फेडरल रिजर्व की आगामी बैठक में ब्याज दरों को लेकर क्या रुख रहेगा।
जानकारों का कहना है कि अगर महंगाई के आंकड़े उम्मीद से ज्यादा आते हैं, तो सोने पर दबाव बढ़ सकता है। ऊंची महंगाई की स्थिति में ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका मजबूत हो सकती है, जिससे सोने जैसे गैर-ब्याज वाले निवेशों की मांग प्रभावित हो सकती है। फिलहाल निवेशकों की नजर अमेरिकी महंगाई आंकड़ों और उसके बाद फेड के रुख पर बनी हुई है।