2 करोड़ की फिल्म ने मचाया तहलका, 150 करोड़ पार पहुंची ‘हनुमान अंश’ की कमाई

मुंबई बॉक्स ऑफिस पर अक्सर बड़े बजट और बड़े सितारों वाली फिल्मों का दबदबा देखने को मिलता है, लेकिन आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने इस पूरे गणित को उलट दिया है। महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने अब तक 150 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। सीमित स्क्रीन्स के साथ शुरुआत करने वाली फिल्म अब देशभर के 1,300 से अधिक सिनेमाघरों में दर्शकों की पसंद बनी हुई है।

नीम करौली बाबा के जीवन और उनके भक्तों के अनुभवों पर आधारित इस फिल्म को शुरुआत में बड़े स्तर पर प्रमोशन नहीं मिला था। इसके बावजूद दर्शकों की माउथ पब्लिसिटी ने फिल्म को ऐसी रफ्तार दी कि रिलीज के 32 दिन बाद भी सिनेमाघरों में इसकी पकड़ मजबूत बनी हुई है।

‘जय संतोषी मां’ की याद दिला रहा दर्शकों का जुनून

फिल्म की लोकप्रियता को लेकर फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने भी दिलचस्प जानकारी साझा की है। उनके मुताबिक, शुरुआती दौर में दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाने के लिए मेकर्स ने ‘बाय वन गेट वन फ्री’ जैसे ऑफर का सहारा लिया था। लेकिन बाद में फिल्म पूरी तरह दर्शकों की प्रतिक्रिया और आस्था के भरोसे आगे बढ़ने लगी।

तरण आदर्श के अनुसार, उन्होंने दर्शकों को फिल्म देखने के लिए नंगे पांव सिनेमाघरों तक जाते हुए देखा। यह नजारा उन्हें 1975 में रिलीज हुई ‘जय संतोषी मां’ की याद दिलाता है, जब दर्शक धार्मिक भावना के साथ सिनेमाघरों में पहुंचते थे। ‘हनुमान अंश’ के मामले में भी दर्शकों की आस्था फिल्म के लिए सबसे बड़ा प्रचार बन गई है।

200 से 400 करोड़ तक पहुंच सकती है कमाई

फिल्म की लगातार मजबूत कमाई को देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स भी इसके भविष्य को लेकर बड़े अनुमान लगा रहे हैं। ट्रेड एक्सपर्ट अतुल मोहन का मानना है कि फिल्म की कमाई की रफ्तार आगे भी बनी रह सकती है। उनका कहना है कि संभव है कि फिल्म अपने आठवें हफ्ते में पांचवें हफ्ते से भी बेहतर प्रदर्शन करे।

ट्रेड से जुड़े जानकारों के मुताबिक, फिल्म 200 करोड़, 300 करोड़ और यहां तक कि 400 करोड़ रुपये के आंकड़े तक पहुंच सकती है। कई स्कूलों और सामाजिक संस्थाओं की ओर से बच्चों के लिए फिल्म के स्पेशल शो भी बुक किए जा रहे हैं।

इंडस्ट्री के लिए बनी मिसाल

ट्रेड विशेषज्ञ राज बंसल और गिरीश जौहर के मुताबिक, जब मजबूत आस्था और प्रभावी कहानी दर्शकों से जुड़ती है तो बॉक्स ऑफिस के पारंपरिक गणित बदल सकते हैं। ‘हनुमान अंश’ का प्रदर्शन इसी का उदाहरण माना जा रहा है।

महज 2 करोड़ रुपये के बजट से शुरू हुई फिल्म का 150 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन इसे बेहद खास बनाता है। रिलीज के एक महीने से ज्यादा समय बाद भी दर्शकों की दिलचस्पी बरकरार है। ऐसे में आने वाले हफ्तों में फिल्म की कमाई कहां तक पहुंचती है, इस पर ट्रेड और दर्शकों दोनों की नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *