वंदे भारत, राजधानी, तेजस समेत 120 ट्रेनें प्रभावित

नई दिल्ली। दिल्ली डिवीजन से होकर गुजरने वाली करीब 120 ट्रेनों का संचालन 11 से 13 सितंबर 2026 के बीच प्रभावित रहेगा। रेलवे ने ऑपरेशनल कारणों से ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया है। इस दौरान कई ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि कुछ ट्रेनों के रूट बदले गए हैं। इसके अलावा कई ट्रेनों को रीशेड्यूल, रेगुलेट करने के साथ कुछ के शुरुआती और अंतिम स्टेशन में भी बदलाव किया गया है।

इस बदलाव का असर राजधानी, तेजस राजधानी, वंदे भारत, पूर्वा एक्सप्रेस, गोमती, श्रमजीवी, वैशाली, मगध और कई EMU सेवाओं पर पड़ेगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस जरूर जांच लें।

11 सितंबर को कई प्रमुख ट्रेनें प्रभावित

11 सितंबर को नई दिल्ली-रांची राजधानी, नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी, नई दिल्ली-सियालदह राजधानी, नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी और नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी समेत कई ट्रेनों के रूट में बदलाव रहेगा। संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस सहित कुछ EMU सेवाएं भी प्रभावित रहेंगी।

इस दिन पलवल-शकूरबस्ती, गाजियाबाद-नई दिल्ली, नई दिल्ली-पलवल लेडीज और दिल्ली जंक्शन-शामली EMU जैसी कुछ ट्रेनें रद्द रहेंगी।

कुछ ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी बदलाव किया गया है। नई दिल्ली-हैदराबाद एक्सप्रेस और ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस को 120 मिनट रीशेड्यूल किया गया है, जबकि पश्चिम एक्सप्रेस 90 मिनट देरी से चलेगी। 12310 नई दिल्ली-राजेंद्र नगर तेजस राजधानी, 12382 नई दिल्ली-हावड़ा पूर्वा एक्सप्रेस और 14212 आगरा कैंट इंटरसिटी एक्सप्रेस समेत कुछ अन्य ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी बदलाव रहेगा।

12 सितंबर को EMU समेत कई ट्रेनें प्रभावित

12 सितंबर को गाजियाबाद-नई दिल्ली, नई दिल्ली-गाजियाबाद और नई दिल्ली-पलवल लेडीज EMU समेत कई लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी। फरीदाबाद में RLDA के कार्य के कारण पलवल-शकूरबस्ती EMU सेवाएं भी प्रभावित रहेंगी।

इस दिन गोमती एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, नई दिल्ली-सियालदह राजधानी, नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी, वैशाली और मगध एक्सप्रेस को डायवर्ट रूट से चलाया जाएगा।

वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत को 35 मिनट रेगुलेट किया जाएगा। इसके अलावा कई लंबी दूरी की ट्रेनों को भी अलग-अलग सेक्शन में 10 से 40 मिनट तक नियंत्रित किया जाएगा।

12 सितंबर को तेजस राजधानी, भुवनेश्वर तेजस राजधानी, राजेंद्र नगर तेजस राजधानी और तमिलनाडु एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव रहेगा। 12716 सचखंड एक्सप्रेस को 70 मिनट और 11058 अमृतसर-सीएसएमटी एक्सप्रेस को 60 मिनट रीशेड्यूल किया गया है।

13 सितंबर को भी कई ट्रेनें रद्द

13 सितंबर को पलवल-गाजियाबाद, गाजियाबाद-दिल्ली जंक्शन, साहिबाबाद-दिल्ली जंक्शन, गाजियाबाद-शकूरबस्ती और नई दिल्ली-गाजियाबाद सहित कई EMU सेवाएं रद्द रहेंगी।

इस दिन शिवगंगा एक्सप्रेस, सहारनपुर-दिल्ली जंक्शन पैसेंजर, मेरठ कैंट-श्रीगंगानगर स्पेशल, मथुरा-गाजियाबाद EMU और पलवल-गाजियाबाद EMU को डायवर्ट रूट से चलाया जाएगा।

12951 तेजस राजधानी, 20808 अमृतसर-विजयवाड़ा/विशाखापत्तनम हीराकुंड एक्सप्रेस और 11841 खजुराहो-कुरुक्षेत्र एक्सप्रेस को 90 मिनट तक रीशेड्यूल किया गया है।

कई ट्रेनों के शुरुआती और अंतिम स्टेशन बदले

रेलवे ने कुछ ट्रेनों के शॉर्ट टर्मिनेशन और शॉर्ट ओरिजिनेशन का भी फैसला किया है। 13 सितंबर को मथुरा-नई दिल्ली EMU पलवल पर ही समाप्त होगी, जबकि पलवल-नई दिल्ली EMU हजरत निजामुद्दीन तक ही चलेगी।

बुलंदशहर-तिलक ब्रिज MEMU दिल्ली शाहदरा पर समाप्त होगी। इसके अलावा अलीगढ़-नई दिल्ली और डंकौर-शकूरबस्ती जैसी कुछ सेवाओं को भी निर्धारित स्टेशन के बजाय बदले हुए स्टेशन से चलाया जाएगा या वहीं समाप्त किया जाएगा।

यात्रियों के लिए जरूरी सलाह

रेलवे के इस ऑपरेशनल प्लान के कारण यात्रियों को यात्रा से पहले केवल टिकट या पुराने टाइम टेबल पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। खासकर नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन, गाजियाबाद, साहिबाबाद, पलवल, दिल्ली शाहदरा और हजरत निजामुद्दीन से यात्रा करने वाले यात्री अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस जरूर जांचें।

ट्रेन का ताजा रनिंग स्टेटस NTES के माध्यम से देखा जा सकता है। इसके अलावा रेलवे की हेल्पलाइन 139 पर संपर्क कर भी जानकारी ली जा सकती है। रेलवे ने कहा है कि परिचालन परिस्थितियों के अनुसार इसमें आगे भी बदलाव हो सकते हैं, इसलिए यात्रियों को सफर से पहले अपडेट जरूर चेक करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *