उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने समीक्षा बैठक में दिए कड़े निर्देश, कार्यों में प्रगति नहीं होने पर पर होगी कार्रवाई

दंतेवाड़ा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज दंतेवाड़ा में लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्वीकृत, निर्माणाधीन और प्रस्तावित कार्यों की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को कार्यों में तेजी लाने तथा परिणाम आधारित कार्यशैली अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों में अनावश्यक देरी होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।

श्री साव ने लोक निर्माण विभाग सहित सभी निर्माण एजेंसियों को सड़कों, भवनों, पुल-पुलियों और अन्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही सभी शासकीय कार्यालयों और परिसरों को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं नागरिकों के अनुकूल रखने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्माणाधीन आवासों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री ने आवास निर्माण में तेजी लाकर अधूरे आवासों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण हो चुकी योजनाओं को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने तथा प्रगतिरत नल-जल योजनाओं को जल्द पूरा करने को कहा।

उन्होंने ठेकेदारों और संबंधित एजेंसियों के लंबित बिलों के भुगतान के निर्देश देते हुए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जल आपूर्ति योजनाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात समाप्त होते ही सभी निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए अधिकारी पूरी सक्रियता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का असर धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए।

समीक्षा बैठक में कलेक्टर देवेश ध्रुव, वनमंडलाधिकारी रामाकृष्ण रंगानाथा वाय., अपर कलेक्टर राजेश पात्रे सहित संबंधित विभागों के संभागीय एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *