छत्तीसगढ़ में बड़ा हादसा: सब स्टेशन के ट्रांसफॉर्मर में लगी आग, 40 गांव प्रभावित

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बिजली सब स्टेशन के ट्रांसफॉर्मर में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना गुरूर थाना क्षेत्र के बोहारडीह सब स्टेशन की बताई जा रही है। आग की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

ट्रांसफॉर्मर में लगी आग की लपटें काफी तेज थीं। स्थिति को देखते हुए दमकल विभाग की दो गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

ट्रांसफॉर्मर में आग लगने के कारण बोहारडीह सब स्टेशन से जुड़े करीब 40 गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। बिजली विभाग की टीम क्षतिग्रस्त ट्रांसफॉर्मर का आकलन करने के साथ ही विद्युत आपूर्ति जल्द बहाल करने के प्रयास में जुटी हुई है।

घटना के बाद आसपास के इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। राहत की बात यह है कि घटना में अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है। विभाग की ओर से आग लगने के वास्तविक कारणों और बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल होने की जानकारी का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *