मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर बस में लगी भीषण आग, धू-धूकर जली बस; सभी यात्री सुरक्षित

पनवेल। महाराष्ट्र के पनवेल सीमा क्षेत्र में मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक बस में अचानक भीषण आग लग गई। घटना के समय बस में कुल 14 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि आग विकराल रूप लेने से पहले सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाल लिया गया।

पुणे लेन में किलोमीटर 16 के पास लगी आग

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे की पुणे लेन पर किलोमीटर 16 के पास बस में अचानक आग लगी। आग लगने की सूचना मिलते ही यात्रियों को तत्काल बस से बाहर निकाला गया और उन्हें दूसरी बस में शिफ्ट कर आगे रवाना किया गया।

घटना की जानकारी पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही पनवेल महानगरपालिका और खोपोली नगर परिषद की दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

दमकल टीम ने आग पर पाया काबू

दमकल कर्मियों की मशक्कत के बाद बस में लगी आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि, आग इतनी तेज थी कि दमकल टीम के पहुंचने तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।

आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। मामले में संबंधित विभाग द्वारा आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुणे में पहले भी हुआ था बस हादसा

इससे पहले महाराष्ट्र के पुणे जिले में दौंड तालुका के चौफुला से सुपा घाट मार्ग पर महाराष्ट्र राज्य परिवहन (एसटी) की बस हादसे का शिकार हुई थी। यह बस स्कूल छात्रों को लेकर जा रही थी। 16 सितंबर को बस अचानक सड़क से उतरकर खाई में जा गिरी थी।

हादसे में 15 से अधिक छात्रों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। घटना के संबंध में यवत पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था।

बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज

शिकायतकर्ता आर्या इंद्रभान शितोले की शिकायत के आधार पर बस चालक राहुल त्रिंबक मडावी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए), 125(बी), 324(4) तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 134 और 177 के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के अनुसार, एसटी बस चौफुला से सुपा घाट मार्ग पर जा रही थी। आरोप है कि चालक ने यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए लापरवाही से बस चलाई, जिसके कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और बस ढलान से खाई में जा गिरी। हादसे के दौरान बस कई बार पलट गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *