नहीं रहे अभिनेता मुश्ताक खान, कैंसर से जंग हारे; ‘गदर-वेलकम’ जैसी फिल्मों में किया था काम

मुंबई। फिल्म जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। अभिनेता मुश्ताक खान का 24 सितंबर को निधन हो गया। लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे मुश्ताक खान का पिछले करीब 15 दिनों से मुंबई के नानावती अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर की पुष्टि उनके बिजनेस पार्टनर शिवम ने की है। अभिनेता के निधन से फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों के बीच शोक की लहर है।

मुश्ताक खान ने अपने फिल्मी करियर में कई फिल्मों में सहायक और हास्य भूमिकाएं निभाकर अपनी अलग पहचान बनाई थी। ‘वेलकम’, ‘आशिकी’, ‘मुझसे शादी करोगी’ और ‘हम हैं राही प्यार के’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शकों ने पसंद किया। खास तौर पर ‘वेलकम’ में निभाया गया उनका किरदार दर्शकों के बीच काफी चर्चित रहा।

पांच साल पहले चला था बीमारी का पता

बताया जा रहा है कि मुश्ताक खान को करीब पांच साल पहले कैंसर के बारे में पता चला था। इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार आया था, लेकिन हाल के दिनों में बीमारी दोबारा सामने आने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

पर्दे पर अपने कॉमेडी अंदाज से दर्शकों का मनोरंजन करने वाले मुश्ताक खान के निधन की खबर ने उनके चाहने वालों को भावुक कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, उनका अंतिम संस्कार 25 सितंबर को किया जाएगा।

2024 में अपहरण की घटना से भी रहे थे चर्चा में

मुश्ताक खान नवंबर 2024 में अपहरण की एक घटना के बाद भी सुर्खियों में आए थे। उन्हें एक कार्यक्रम में शामिल होने के बहाने बुलाया गया था। पुलिस के अनुसार, दिल्ली एयरपोर्ट से उन्हें कार में बैठाकर बिजनौर ले जाया गया, जहां उन्हें बंधक बना लिया गया था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बदमाशों ने अभिनेता को करीब 12 घंटे तक बंधक बनाकर रखा और कथित तौर पर एक करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की थी। बाद में मुश्ताक खान किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलने में कामयाब हुए थे।

अपने अभिनय और खास हास्य शैली से दर्शकों के बीच पहचान बनाने वाले मुश्ताक खान के निधन से उनके परिवार, फिल्मी सहयोगियों और प्रशंसकों में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *