नई दिल्ली। बैंक कर्मचारियों की 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल के मद्देनजर ग्राहकों की सुविधा के लिए सरकार ने अहम कदम उठाया है। आम लोगों की बैंकिंग सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (RRB) को रविवार को सामान्य रूप से खोलने का निर्णय लिया गया है।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को रविवार को पूरी तरह संचालित रखने की मंजूरी दी है। वित्त मंत्रालय के मुताबिक, यह व्यवस्था इसलिए की गई है ताकि लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाओं के प्रभावित होने की स्थिति से बचा जा सके।
दरअसल, 26 और 27 सितंबर को सप्ताहांत की छुट्टियां हैं, जबकि इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल है। ऐसे में शनिवार-रविवार की छुट्टियों के साथ हड़ताल जुड़ने पर बैंकिंग गतिविधियां लगातार पांच दिनों तक प्रभावित हो सकती थीं। रविवार को बैंक खोलने के फैसले से इस व्यवधान को कम करने का प्रयास किया गया है।
किन मांगों को लेकर है हड़ताल?
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) और कुछ अन्य बैंक कर्मचारी संगठनों ने पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करने तथा परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना से जुड़े मुद्दों को लेकर हड़ताल का आह्वान किया है। फिलहाल बैंक कर्मचारियों को महीने में दो शनिवार की छुट्टी मिलती है। यूनियनें सभी शनिवार को अवकाश देने की मांग कर रही हैं।
वहीं, वित्त मंत्रालय ने बताया कि कर्मचारियों की मांगों में से एक प्रमुख मुद्दे पर सरकार ने पीएलआई योजना को फिलहाल स्थगित कर दिया है। मंत्रालय के अनुसार, अन्य मांगों पर भी विचार किया जा रहा है।
सरकार और बैंक प्रबंधन ने कर्मचारी संगठनों से प्रस्तावित हड़ताल वापस लेने की अपील की है। साथ ही आवश्यक बैंकिंग सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही गई है।