नागोया। एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए एथलेटिक्स से बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय धाविका सीमा कुमारी ने महिलाओं की 10,000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक अपने नाम किया। मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में हुए फाइनल में सीमा ने 32:50.05 सेकंड का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया। इस पदक के साथ 10,000 मीटर स्पर्धा में भारत का 16 साल का इंतजार खत्म हुआ।
दौड़ में बहरीन की विनफ्रेड यावी ने 32:39.18 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि जापान की नोजोमी तनाका ने 32:41.54 सेकंड में दौड़ पूरी कर रजत पदक हासिल किया। कजाकिस्तान की डेजी जेपकेमेई 33:03.21 सेकंड के समय के साथ चौथे स्थान पर रहीं।
शुरुआती दौर में सबसे आगे थीं सीमा
सीमा ने रेस की शुरुआत तेज गति से की और शुरुआती 2,000 मीटर तक बढ़त बनाए रखी। उन्होंने पहला 1,000 मीटर 3:18.12 सेकंड और 2,000 मीटर 6:36.13 सेकंड में पूरा किया। इसके बाद वह कुछ समय के लिए चौथे स्थान पर खिसक गईं, लेकिन अग्रणी धाविकाओं के संपर्क में बनी रहीं।
दौड़ में करीब 1,000 मीटर बाकी रहने पर सीमा ने फिर तीसरा स्थान हासिल कर लिया। अंतिम चरण में उन्होंने अपनी स्थिति कायम रखी और कांस्य पदक पक्का कर लिया। वह स्वर्ण पदक विजेता विनफ्रेड यावी से 10.87 सेकंड पीछे रहीं।
10,000 मीटर में मेडल जीतने वाली तीसरी भारतीय महिला
सीमा कुमारी एशियन गेम्स की 10,000 मीटर स्पर्धा में पदक जीतने वाली तीसरी भारतीय महिला बन गई हैं। इससे पहले 2010 के एशियन गेम्स में प्रीजा श्रीधरन ने इस स्पर्धा में स्वर्ण और कविता राउत ने रजत पदक जीता था।
2026 में लगातार बेहतर हुआ प्रदर्शन
10 जनवरी 2001 को हिमाचल प्रदेश में जन्मीं सीमा कुमारी 5,000 और 10,000 मीटर दौड़ में भारत की प्रमुख लॉन्ग-डिस्टेंस एथलीटों में शामिल हैं। 2026 में उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रभावी प्रदर्शन किया।
मार्च में कैलिफोर्निया में आयोजित ‘द टेन’ प्रतियोगिता में सीमा ने 10,000 मीटर में 32:02.43 सेकंड का अपना सर्वश्रेष्ठ समय दर्ज किया और पांचवें स्थान पर रहीं। इसके बाद अप्रैल में 5,000 मीटर में उन्होंने 15:16.20 सेकंड का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय बनाया।
सीमा ने एफआईएसयू वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 में 5,000 मीटर में रजत पदक जीता था। वहीं 2024 की एशियन क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में सीनियर महिला वर्ग का स्वर्ण और 2026 की 65वीं नेशनल इंटर-स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 10,000 मीटर का स्वर्ण पदक भी उनके नाम रहा है।