मॉन्ट्रियल। कनाडा के मॉन्ट्रियल शहर के पास शनिवार को एक दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। सेंट-ब्रिगिड-डी’इबरविले इलाके में एक निजी हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार चारों लोगों की मौत हो गई। क्रैश के बाद हेलीकॉप्टर में आग लग गई, जिसे दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बुझाया।
जानकारी के मुताबिक, हादसा मॉन्ट्रियल से करीब 50 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ। हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
क्यूबेक प्रांतीय पुलिस की प्रवक्ता ऑड्रे-ऐनी बिलोड्यू ने बताया कि हेलीकॉप्टर क्रैश होने से पहले उसमें कुछ तकनीकी दिक्कतें सामने आई थीं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दुर्घटना की वास्तविक वजह क्या थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मौके पर ही चारों की मौत
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद हेलीकॉप्टर में सवार चारों लोगों को घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। शुरुआती जानकारी में हेलीकॉप्टर को एक निजी विमान बताया जा रहा है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए कनाडा के ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड ने भी जांच शुरू कर दी है। बोर्ड की ओर से जांचकर्ताओं को घटनास्थल पर भेजा गया है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
अमेरिका में भी हुए थे दो हेलीकॉप्टर क्रैश
इससे पहले अमेरिका के योसेमाइट नेशनल पार्क में जंगल की आग बुझाने के अभियान के दौरान पानी गिराते समय दो हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे। इस हादसे में दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलटों की मौत हो गई थी। हेलीकॉप्टर हादसों की लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच कनाडा की इस दुर्घटना ने भी सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।