सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट, बाजार खुलते ही सोना ₹2,800 और चांदी ₹6,000 से ज्यादा टूटी

नई दिल्ली। कारोबारी सप्ताह के पहले दिन सोमवार, 28 सितंबर को सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिली। ग्लोबल मार्केट में सोना 2 फीसदी से अधिक टूटकर करीब 90 डॉलर तक सस्ता हुआ, जबकि चांदी की कीमत में 3.50 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। कॉमेक्स पर सोना करीब 4,234 डॉलर प्रति औंस और चांदी करीब 62 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करती नजर आई।

इस गिरावट का असर भारतीय बाजार पर भी दिखाई दिया। सुबह 9 बजे मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) खुलते ही सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट आई। बाजार खुलते ही सोना करीब ₹2,800 तक टूट गया, जबकि चांदी में ₹6,000 से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।

ग्लोबल मार्केट में भी दबाव

सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट के पीछे कई अंतरराष्ट्रीय कारण बताए जा रहे हैं। अमेरिका-ईरान तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास की घटनाएं भी बाजार के लिए अहम बनी हुई हैं। इन घटनाक्रमों के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखी गई।

सोमवार को ब्रेंट क्रूड करीब 1.6 फीसदी बढ़कर 106 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया, जबकि US क्रूड फ्यूचर्स 1.1 फीसदी चढ़कर 93.47 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

महंगा तेल बढ़ा सकता है महंगाई का दबाव

कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी से महंगाई को लेकर चिंता बढ़ सकती है। इसका असर आगे ब्याज दरों को लेकर बाजार की उम्मीदों और बॉन्ड यील्ड पर पड़ सकता है। ऊंची बॉन्ड यील्ड से सोने जैसे बिना ब्याज वाले निवेश पर दबाव बन सकता है।

हालांकि, दूसरी ओर भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने पर सोने की सेफ-हेवन मांग में तेजी भी आ सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमतों पर ब्याज दरों, डॉलर की चाल और भू-राजनीतिक घटनाक्रम का असर देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *