विधायक रिकेश की अनोखी पहल : घरेलू सहायिका ढूंढने भटकना नहीं पड़ेगा, जनता कमल सेतु से 1 घंटे में मिलेंगे 100+ विकल्प

भिलाई नगर, 28 सितंबर। वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के परिवारों को अब घर के कामकाज के लिए घरेलू सहायिका (मेड) तलाशने में होने वाली परेशानियों से स्थायी राहत मिलने जा रही है। विधायक रिकेश सेन ने जनसुविधा और महिला सशक्तिकरण को एक साथ जोड़ते हुए एक नवाचारी पहल की शुरुआत की है। इस व्यवस्था के तहत विधानसभा वासियों को महज एक व्हाट्सएप मैसेज के जरिए उनके घर के काम के लिए मेड उपलब्ध कराई जाएगी, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र की हजारों जरूरतमंद महिलाओं को सीधे रोजगार से जोड़ा जाएगा। विधायक रिकेश की यह योजना नवरात्रि में 11 अक्टूबर से शुरू होगी।

केवल एक मैसेज और 1 घंटे में समाधान

इस सेवा का लाभ उठाने के लिए नागरिकों को इधर-उधर भटकने या दलालों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। जनता कमल सेतु के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 99778 91333 पर संपर्क कर केवल एक सामान्य रजिस्ट्रेशन कराना होगा। पंजीकरण पूरा होते ही महज 1 घंटे के भीतर संबंधित परिवार को 100 से अधिक इच्छुक घरेलू सहायिकाओं की सूची और उनके संपर्क नंबर उपलब्ध करा दिए जाएंगे। नागरिक अपनी सुविधानुसार उनसे सीधे बातचीत कर उपयुक्त सहायिका का चयन कर सकेंगे।

22 हजार महिलाओं के स्वावलंबन को मिलेगा बल

इस योजना का दोहरा उद्देश्य है शहरी परिवारों को विश्वसनीय मदद दिलाना और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना। विधायक की महत्वाकांक्षी शक्ति योजना से जुड़ी लगभग 22 हजार महिलाओं को इस पहल के जरिए सीधे रोजगार के अवसर मिलेंगे।

इससे परिवार और सहायिका के बीच कोई तीसरा पक्ष नहीं रहेगा। वेतन, काम के घंटे और शर्तें दोनों पक्ष आपसी सहमति से तय करेंगे। योजना से जुड़ी महिलाओं का डेटाबेस पहले से संकलित होने के कारण परिवारों के लिए भी यह एक सुरक्षित व भरोसेमंद विकल्प साबित होगा।

सुविधा और रोजगार को एक धागे में पिरोने वाली विधायक रिकेश सेन की इस पहल का वैशाली नगर के मध्यमवर्गीय परिवारों और कामकाजी महिलाओं ने स्वागत किया है। आम जनता के मुताबिक, भागदौड़ भरी जिंदगी में भरोसेमंद घरेलू सहायिका का मिलना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं था, जिसे इस डिजिटल नवाचार ने बेहद आसान बना दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *