भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान वे भेल दशहरा मैदान में आयोजित पशुपालकों और दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़े प्रतिनिधियों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। अमित शाह के दौरे को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
राज्य की पहली डेयरी परीक्षण प्रयोगशाला का उद्घाटन
अमित शाह सांची दुग्ध संघ परिसर में तैयार की गई सरकारी क्षेत्र की पहली राज्य स्तरीय डेयरी परीक्षण प्रयोगशाला का उद्घाटन करेंगे। करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस प्रयोगशाला में दूध और उससे बनने वाले विभिन्न डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता की जांच की जाएगी।
100 से ज्यादा मानकों पर होगी जांच
नई प्रयोगशाला में 100 से अधिक मानकों के आधार पर दूध और डेयरी उत्पादों का परीक्षण किया जा सकेगा। इसमें दूध में पेस्टिसाइड्स, एंटीबायोटिक और अन्य अवांछित तत्वों की मौजूदगी का पता लगाने की सुविधा होगी। इससे डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा की निगरानी को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
भाजपा संगठन की बैठक की भी संभावना
अमित शाह के भोपाल दौरे के दौरान भाजपा संगठन की बैठक भी प्रस्तावित होने की जानकारी है। इस बैठक में प्रदेश संगठन से जुड़े विषयों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा होने की संभावना है।