श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के मध्य कश्मीर स्थित बडगाम जिले के यूसमर्ग क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक वांटेड आतंकी को मार गिराया है। अधिकारियों के अनुसार मारे गए आतंकी की पहचान सुलेमान शाह उर्फ मूसा के रूप में हुई है। सेना की चिनार कोर ने आधिकारिक तौर पर नाम जारी नहीं किया, लेकिन सुरक्षा अधिकारियों ने उसकी पहचान की पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक कोराग इलाके में आतंकियों की मौजूदगी को लेकर मिले इनपुट के आधार पर भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था। तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों को संदिग्ध गतिविधि नजर आई। जवानों ने जब आतंकियों को चुनौती दी तो दूसरी ओर से गोलीबारी शुरू कर दी गई। इसके बाद सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई।
अधिकारियों के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान दूधपथरी के दूरदराज जंगल क्षेत्र में मूसा को मार गिराया गया। ऑपरेशन के दौरान इलाके में सुरक्षाबलों की कार्रवाई जारी रही। घने जंगल और पहाड़ी भूभाग को देखते हुए तलाशी अभियान में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
कई हमलों में शामिल होने का आरोप
सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार मूसा पिछले कई वर्षों से पीर पंजाल क्षेत्र के दोनों ओर हुई विभिन्न आतंकी घटनाओं में वांछित था। अधिकारियों का कहना है कि वह इससे पहले सितंबर में यूसमर्ग की पहाड़ियों में हुई मुठभेड़ से बच निकला था। उसी कार्रवाई में उसका करीबी सहयोगी यासिर 5 सितंबर को मारा गया था।
मूसा के मारे जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने यूसमर्ग और आसपास के जंगलों में तलाशी अभियान और तेज कर दिया है। फिलहाल सुरक्षाबलों की कार्रवाई जारी है और अभियान पूरा होने के बाद मुठभेड़ से जुड़ी और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।