गोल्ड जीतकर भारतीय महिला हॉकी टीम ने खत्म किया 44 साल का इंतजार, ओलंपिक का टिकट भी हासिल

नई दिल्ली। भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स के खिताबी मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने महिला हॉकी में 44 साल बाद एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। खिताबी जीत के साथ भारत ने 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए भी सीधे क्वालीफाई कर लिया।

10वें मिनट में लालरेमसियामी ने दिलाई बढ़त

फाइनल मुकाबले की शुरुआत से ही भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया और चीन पर दबाव बनाए रखा। मैच के छठे मिनट में बलजीत कौर को ग्रीन कार्ड मिलने के बाद भारत को कुछ समय 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा, लेकिन टीम का आत्मविश्वास कम नहीं हुआ।

इसके बाद 10वें मिनट में लालरेमसियामी ने शानदार फील्ड गोल करते हुए भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। खास बात यह रही कि यह मुकाबला लालरेमसियामी के अंतरराष्ट्रीय करियर का 200वां मैच था और उन्होंने निर्णायक गोल दागकर इसे यादगार बना दिया।

पहले क्वार्टर में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए बढ़त बढ़ाने का मौका भी मिला, लेकिन टीम इसका फायदा नहीं उठा सकी। इसके बावजूद पहला क्वार्टर भारत के पक्ष में 1-0 रहा।

सविता पूनिया ने बचाया पेनाल्टी स्ट्रोक

दूसरे क्वार्टर में चीन ने बराबरी के लिए भारतीय गोलपोस्ट पर लगातार हमले किए। चीन को बराबरी का सबसे बड़ा मौका पेनाल्टी स्ट्रोक के रूप में मिला, लेकिन अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया ने शानदार बचाव करते हुए गेंद को गोल में जाने से रोक दिया।

सविता के इस बचाव के बाद भारतीय टीम ने अपनी रक्षापंक्ति को और मजबूत कर लिया। चीन के खिलाड़ियों ने कई प्रयास किए, लेकिन भारतीय डिफेंडर्स ने सभी हमलों को नाकाम कर दिया। 28वें मिनट में चीनी खिलाड़ी वेन डान को रफ टैकल के चलते ग्रीन कार्ड भी दिखाया गया।

आखिरी सीटी तक कायम रखा दबदबा

मुकाबले के अंतिम पलों में चीन ने बराबरी के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल और मजबूत डिफेंस के दम पर अपनी 1-0 की बढ़त कायम रखी। आखिरी सीटी बजते ही भारतीय खिलाड़ियों ने जीत का जश्न मनाया।

44 साल बाद एशियन गेम्स में महिला हॉकी का स्वर्ण पदक जीतने के साथ भारत ने इतिहास रच दिया। इस खिताबी जीत ने न सिर्फ भारतीय हॉकी के गौरवशाली अध्याय में नया पन्ना जोड़ा, बल्कि 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक में भारत की सीधी जगह भी सुनिश्चित कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *