दर्दनाक सड़क हादसा: फ्लाईओवर से नीचे गिरी बस, 2 छात्रों समेत 3 की मौत

नवांशहर। पंजाब के नवांशहर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बंगा के पास गांव मजारी में एक बस फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। हादसे में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के 2 छात्रों और बस कंडक्टर की मौत हो गई। कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक बस मनाली से लौट रहे पर्यटकों और LPU के छात्रों को लेकर अमृतसर जा रही थी। हादसा सोमवार सुबह करीब 5 बजे हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार फ्लाईओवर से उतरते समय ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई, जिसके चलते बस पर उसका नियंत्रण नहीं रहा।

रेलिंग तोड़कर नीचे गिरी बस

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार बस बेकाबू होकर फ्लाईओवर की रेलिंग से टकराई और उसे तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं। टीमों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे में 2 छात्रों और बस कंडक्टर की मौत होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, मृतकों और घायलों की पहचान फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रशासन ने भी मृतकों और घायलों की कुल संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह ड्राइवर को नींद की झपकी आना बताई जा रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *