रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के बाद मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। दिन के तापमान में बढ़ोतरी के बीच प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने बुधवार को राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के 26 जिलों में शाम से रात के दौरान मौसम बदलने का अनुमान जताया है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इन इलाकों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद और रायपुर समेत कई जिलों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है। इसके अलावा बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा और कबीरधाम में भी मौसम प्रभावित होने की संभावना है।
सरगुजा संभाग के सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर सहित अन्य इलाकों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
मानसून की विदाई के बाद बढ़ा तापमान
प्रदेश से मानसून की विदाई के बाद कई इलाकों में तापमान बढ़ने लगा है। हालांकि, कुछ हिस्सों में सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। मंगलवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
शाम से रात तक सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बारिश के साथ अचानक तेज हवा चलने की स्थिति बन सकती है। ऐसे में प्रभावित क्षेत्रों में शाम से रात के दौरान मौसम पर नजर रखने की सलाह दी गई है। फिलहाल मानसून की विदाई के बावजूद प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में स्थानीय मौसम परिस्थितियों के कारण बारिश का दौर देखने को मिल रहा है।