बिजनेस डेस्क: दिवाली से पहले जहां आम लोगों को महंगाई से राहत की उम्मीद है, वहीं पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में एक बार फिर बदलाव हुआ है। सरकार ने ताजा संशोधन में पेट्रोल की कीमत में 1.19 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम में 1.91 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है। नई कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
पेट्रोल 394.83, डीजल 395.85 रुपये प्रति लीटर
नई दरों के मुताबिक पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत अब 394.83 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल 395.85 रुपये प्रति लीटर में मिलेगा। सरकार पेट्रोल पर करीब 114 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर करीब 100 रुपये प्रति लीटर टैक्स और ड्यूटी वसूल रही है।
एक हफ्ते में पेट्रोल ₹7.43 महंगा
अगर 1 से 7 अक्टूबर के बीच कीमतों में हुए बदलाव को देखें तो पाकिस्तान में पेट्रोल के दाम में कुल 7.43 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। दूसरी ओर, इसी अवधि में डीजल की कीमत में 4.50 रुपये प्रति लीटर की कमी आई है।
डीजल की कीमतों में होने वाला बदलाव आम लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसका बड़े पैमाने पर इस्तेमाल भारी वाहनों, बिजली संयंत्रों और बड़े जनरेटरों में किया जाता है। ऐसे में डीजल के दाम परिवहन और अन्य क्षेत्रों की लागत पर असर डाल सकते हैं।
LPG सिलेंडर भी हुआ महंगा
पाकिस्तान में सिर्फ पेट्रोल-डीजल ही नहीं, बल्कि LPG की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी (OGRA) की ओर से जारी नई दर के मुताबिक LPG के दाम में 21 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है।
इसके बाद 11 किलोग्राम के LPG सिलेंडर की कीमत 3,296.23 रुपये हो गई है, जबकि सितंबर में इसकी कीमत 3,052.09 रुपये थी। यानी एक सिलेंडर की कीमत में करीब 244 रुपये का इजाफा हुआ है।