नई दिल्ली। भारती एयरटेल ने अपने पोस्टपेड ग्राहकों के लिए टैरिफ में बदलाव किया है। 8 अक्टूबर 2026 से कंपनी के सभी पोस्टपेड प्लान्स की कीमतों में ₹50 की बढ़ोतरी लागू होगी। हालांकि, बढ़ी कीमत के साथ एयरटेल ने ग्राहकों को साल में एक बार फ्री इंटरनेशनल रोमिंग ट्रिप का फायदा देने का भी ऐलान किया है।
₹499 से शुरू होंगे पोस्टपेड प्लान
नई कीमतों के बाद एयरटेल का सबसे सस्ता इंडिविजुअल पोस्टपेड प्लान ₹449 की जगह ₹499 प्रति माह का हो जाएगा। कंपनी ने केवल शुरुआती प्लान ही नहीं, बल्कि अपने पूरे इंडिविजुअल और फैमिली पोस्टपेड पोर्टफोलियो में ₹50 की बढ़ोतरी की है।
अब कंपनी के पोस्टपेड प्लान ₹499 से ₹1,799 तक उपलब्ध होंगे।
फ्री रोमिंग में मिलेंगे ये फायदे
अतिरिक्त कीमत के बदले एयरटेल ने अपने सभी पोस्टपेड प्लान्स में करीब ₹2,000 मूल्य का 5-दिन का इंटरनेशनल रोमिंग पैक शामिल किया है। इसमें ग्राहकों को 5GB डेटा, 60 मिनट की कॉलिंग और 25 आउटगोइंग SMS मिलेंगे। इनकमिंग SMS के लिए कोई शुल्क नहीं होगा।
खास बात यह है कि ग्राहक इस रोमिंग पैक को तुरंत इस्तेमाल करने के लिए बाध्य नहीं होंगे। साल में जब भी विदेश यात्रा करें, उस समय अपनी सुविधा के अनुसार इसे एक्टिवेट कर सकते हैं।
₹499 वाले प्लान में मिलेंगे कई फायदे
नए ₹499 के इंडिविजुअल पोस्टपेड प्लान में सिंगल सिम के साथ अनलिमिटेड कॉलिंग और डेटा की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा ग्राहकों को स्पैम और फ्रॉड प्रोटेक्शन, Airtel Xstream Play Premium और Google One क्लाउड स्टोरेज जैसे फायदे भी मिलेंगे।
इसके साथ साल में एक बार 5 दिनों का इंटरनेशनल रोमिंग पैक भी उपलब्ध रहेगा।
फैमिली प्लान में हर सिम पर अलग रोमिंग पैक
एयरटेल के फैमिली पोस्टपेड ग्राहकों के लिए भी रोमिंग बेनेफिट जोड़ा गया है। फैमिली प्लान में शामिल हर सिम को अलग-अलग एक फ्री इंटरनेशनल रोमिंग ट्रिप मिलेगी।
कंपनी के फैमिली प्लान ₹749 से शुरू होते हैं, जिसमें 2 सिम मिलते हैं। वहीं ₹1,049 में 3 सिम, ₹1,249 और ₹1,449 में 4 सिम तथा ₹1,799 वाले प्लान में 5 सिम कनेक्शन दिए जाते हैं।
इन फैमिली प्लान्स में Amazon Prime, JioHotstar, Apple Music, Apple iCloud+ और Netflix जैसे कई प्रीमियम सब्सक्रिप्शन के फायदे भी शामिल हैं।