नवरात्रि में डोंगरगढ़ जाने वालों के लिए जरूरी खबर, दुर्ग पुलिस ने बदला ट्रैफिक प्लान; 11 से 19 अक्टूबर तक रहेगी खास निगरानी

भिलाई। शारदीय नवरात्रि के दौरान मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर दुर्ग पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। पदयात्रियों को सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराने के लिए कुम्हारी से अंजोरा बाईपास तक विशेष कॉरिडोर बनाया गया है। 11 से 19 अक्टूबर तक इस मार्ग पर तीन पेट्रोलिंग वाहन 24 घंटे तैनात रहेंगे। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की मदद के लिए अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र भी बनाए जा रहे हैं। पुलिस ने पदयात्रियों और वाहन चालकों से निर्धारित मार्ग व डायवर्शन का पालन करने की अपील की है।

24 घंटे निगरानी करेंगे पुलिस के वाहन

दुर्ग पुलिस के अनुसार, 11 से 19 अक्टूबर तक पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए तीन पेट्रोलिंग वाहन लगातार तैनात रहेंगे। इन वाहनों के जरिए लाउडस्पीकर से श्रद्धालुओं को सुरक्षित चलने के निर्देश दिए जाएंगे। मार्ग में अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र भी बनाए जा रहे हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर यात्रियों को मदद मिल सके।

इन रास्तों से होकर डोंगरगढ़ पहुंचेंगे श्रद्धालु

पदयात्रियों के लिए कुम्हारी टोल प्लाजा से डोंगरगढ़ तक निर्धारित मार्ग तय किया गया है। यह रूट सिरसा गेट चौक, डबरापारा तिराहा, खुर्सीपार तिराहा, पावर हाउस अंडरब्रिज, मुर्गा चौक, सेंट्रल एवेन्यू, सेक्टर-9 चौक, ठगड़ा बांध ओवरब्रिज, जेल तिराहा, गौरव पथ, गांधी पुतला, पटेल चौक, गंजपारा, पुलगांव चौक, शिवनाथ नदी ब्रिज और अंजोरा बाईपास से होते हुए राजनांदगांव के रास्ते डोंगरगढ़ तक जाएगा।

श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित मार्ग का ही इस्तेमाल करें और यातायात पुलिस के निर्देशों को नजरअंदाज न करें।

सेक्टर क्षेत्र में इन वाहनों का बदलेगा रास्ता

पदयात्रियों की आवाजाही को सुरक्षित बनाने के लिए सेक्टर क्षेत्र में चारपहिया वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजरना होगा। पावर हाउस अंडरब्रिज से मुर्गा चौक और सेंट्रल एवेन्यू जाने वाले वाहनों को फॉरेस्ट एवेन्यू तथा गैरेज रोड की ओर भेजा जाएगा।

दुर्ग से सेंट्रल एवेन्यू की तरफ जाने वाले चारपहिया वाहन सेक्टर-9 चौक से फॉरेस्ट एवेन्यू और गैरेज रोड का रास्ता अपना सकेंगे।

रात में शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक

दुर्ग शहर में रात के समय यातायात नियंत्रित रखने के लिए मध्यम और भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यह प्रतिबंध पुलगांव चौक, पोटिया चौक, महाराजा चौक, जेल तिराहा, गुरुद्वारा तिराहा, धमधा रोड और नयापारा की ओर से शहर में आने वाले रास्तों पर लागू होगा।

गंजपारा दुर्गा पंडाल के आसपास भी रात में यातायात व्यवस्था बदली जाएगी। पुलिस लाइन और गंजपारा की ओर से आने वाले दोपहिया व चारपहिया वाहनों को गंज मंडी के पीछे से निकाला जाएगा।

बस यात्रियों के लिए भी जान लें वैकल्पिक रूट

पुलगांव चौक की ओर से आने वाली बसें महाराजा चौक और जेल तिराहा होते हुए दुर्ग बस स्टैंड पहुंचेंगी। बस स्टैंड से पुलगांव चौक की दिशा में जाने वाली बसों को भी इसी मार्ग से आवाजाही करनी होगी। ऐसे में यात्रियों को अपने सफर की योजना बनाते समय अतिरिक्त समय लेकर चलना चाहिए।

पदयात्रा के दौरान इन गलतियों से बचें

सड़क पर पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं को रात में दिखाई देने के लिए बैग पर रेडियम या रिफ्लेक्टिव स्टीकर लगाने और चमकीले कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। पदयात्रियों को सड़क के बाईं ओर किनारे से चलना चाहिए। हाईवे पर सर्विस लेन का इस्तेमाल करें और बाईपास पर पैदल चलने से बचें।

पुलिस ने देर रात पदयात्रा शुरू नहीं करने तथा सड़क पर या उसके किनारे बैठकर आराम नहीं करने की अपील की है। थोड़ी सी लापरवाही भी दुर्घटना का कारण बन सकती है।

वाहन चलाते समय इन नियमों का रखें ध्यान

डोंगरगढ़ जाने वाले वाहन चालकों को थकान होने पर ड्राइविंग से बचना चाहिए और यात्रा से पहले पर्याप्त नींद लेनी चाहिए। नशे में वाहन चलाना, मालवाहक वाहनों में यात्रियों को बैठाना और क्षमता से अधिक सवारी ले जाना प्रतिबंधित है। रात में लो-बीम पर वाहन चलाने और सड़क पर अनधिकृत रूप से गाड़ी खड़ी नहीं करने की भी हिदायत दी गई है।

दुर्ग पुलिस की अपील: नवरात्रि के दौरान श्रद्धालु और वाहन चालक निर्धारित मार्ग व डायवर्शन का पालन करें। सावधानीपूर्वक यात्रा करने और यातायात नियमों का ध्यान रखने से दर्शन के लिए आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा बेहतर बनाई जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *