CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में 15 अक्टूबर से बदलेगा मौसम, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 15 अक्टूबर से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। मौसम में बदलाव से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में आज मौसम साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। हालांकि, 15 अक्टूबर से मौसम में बदलाव होने पर तापमान और गर्मी के असर में कुछ कमी आ सकती है।

40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की भी संभावना है। अगले दो दिनों तक मौसम में इसी तरह का बदलाव बने रहने का अनुमान है।

मंगलवार को प्रदेश में मौसम रहा शुष्क

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को छत्तीसगढ़ के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहा। रायपुर में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। प्रदेश में बारिश दर्ज नहीं की गई।

इन मौसमी प्रणालियों के कारण बदलेगा मौसम

मौसम में बदलाव के पीछे ऊपरी वायुमंडल में सक्रिय मौसमी प्रणालियों का प्रभाव माना जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, समुद्र तल से 5.8 से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर पश्चिमी हवाओं में एक द्रोणिका बनी हुई है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है।

इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में बादल, तेज हवाएं, बिजली गिरने और हल्की बारिश जैसी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *