भिलाई नगर। युवा खेल एवं सांस्कृतिक मंडल, भिलाई द्वारा सार्वजनिक दशहरा पर्व का आयोजन इस वर्ष अपने 31वें वर्ष में किया जा रहा है। आगामी 20 अक्टूबर 2026, मंगलवार को सेक्टर-7 हाई स्कूल दशहरा मैदान, भिलाई नगर में संध्या 6:00 बजे से आयोजित होने वाले इस उत्सव में संगीतमय प्रस्तुति, आकर्षक आतिशबाजी और रावण दहन का भव्य दृश्य देखने को मिलेगा। आयोजन समिति ने दर्शकों की सुविधा, सुरक्षा, बैठक और पार्किंग व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए व्यापक तैयारियाँ की हैं।
प्रेस वार्ता में आयोजन समिति के आयोजक श्री चन्ना केशवलू एवं अध्यक्ष श्री प्रेमचंद देवांगन ने बताया कि समिति का उद्देश्य दशहरा पर्व की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नागरिकों को एक ऐसा सांस्कृतिक आयोजन देना है, जिसमें उत्सव के आनंद के साथ सामाजिक एकता और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश भी समाहित हो। उन्होंने कहा कि समिति के पदाधिकारी, कोषाध्यक्ष श्री शैलेन्द्र सिंह और स्वयंसेवक आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
65 फीट के रावण और 50 फीट के कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतले होंगे आकर्षण
आयोजक श्री चन्ना केशवलू एवं अध्यक्ष श्री प्रेमचंद देवांगन ने बताया कि इस वर्ष 65 फीट ऊँचे रावण तथा 50-50 फीट ऊँचे कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। इन विशाल पुतलों का दहन आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा। समिति ने कार्यक्रम का समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने की योजना बनाई है। रावण दहन रात्रि 9:30 बजे संपन्न कर दिया जाएगा।
संगीत और आतिशबाजी से सजेगी उत्सव की शाम
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में मार्स द बैंड द्वारा संगीतमय प्रस्तुति दी जाएगी। इसके साथ ही काकीनाडा, आंध्र प्रदेश की प्रसिद्ध आतिशबाजी दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण होगी। आयोजन में भव्य इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी भी शामिल रहेगी। संगीत, आतिशबाजी और पुतला दहन के समन्वय से दर्शकों को एक यादगार उत्सव का अनुभव देने की तैयारी की गई है।
आठ हजार दर्शकों के लिए बैठक व्यवस्था
समिति ने बताया कि आयोजन स्थल पर लगभग आठ हजार दर्शकों के लिए विभिन्न श्रेणियों में बैठने की व्यवस्था की जा रही है। दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठक व्यवस्था को व्यवस्थित रूप दिया जा रहा है। साथ ही समूचे कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जाएगी, जिससे आयोजन के दौरान नागरिकों को आवागमन और अपने निर्धारित स्थान तक पहुँचने में सुविधा हो।
तीन स्थानों पर विशाल निःशुल्क पार्किंग
आयोजन में आने वाले नागरिकों के वाहनों के लिए तीन अलग-अलग स्थानों पर विशाल निःशुल्क पार्किंग की व्यवस्था की गई है। समिति ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और व्यवस्था में सहयोग दें, ताकि कार्यक्रम स्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ और यातायात अवरोध की स्थिति उत्पन्न न हो।
सुरक्षा के लिए सीसीटीवी, मेडिकल टीम और अग्निशामक यंत्र
A श्री चन्ना केशवलू एवं श्री प्रेमचंद देवांगन ने बताया कि दर्शकों की सुरक्षा आयोजन समिति की प्राथमिकता है। कार्यक्रम स्थल पर अग्निशामक यंत्र, मेडिकल टीम और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था रहेगी। व्यवस्था संभालने के लिए 60 से अधिक बाउंसरों के अतिरिक्त समिति के 100 स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। ये दर्शकों के आवागमन, बैठक व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन में सहयोग करेंगे।
समिति ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे आयोजन स्थल पर दिए जाने वाले निर्देशों का पालन करें, बच्चों का विशेष ध्यान रखें तथा पुतला दहन और आतिशबाजी के लिए निर्धारित सुरक्षा क्षेत्र से उचित दूरी बनाए रखें।
सपरिवार शामिल होने का आमंत्रण
आयोजक श्री चन्ना केशवलू एवं अध्यक्ष श्री प्रेमचंद देवांगन ने भिलाई-दुर्ग सहित आसपास के नागरिकों को सपरिवार आयोजन में शामिल होने का आमंत्रण देते हुए कहा, “दशहरा सत्य, साहस और सदाचार की विजय का पर्व है। हमारा प्रयास है कि 31 वर्ष का यह आयोजन भव्यता के साथ सुव्यवस्था और जनसहभागिता के लिए भी याद किया जाए। हम सभी नागरिकों स आग्रह करते हैं कि इस सांस्कृतिक उत्सव में शामिल हों और इसे शांतिपूर्ण तथा यादगार बनाने में सहयोग दें।”
प्रेस वार्ता में समिति के पदाधिकारी जी. अमर, राजनारायण सिंह, रविन्द्र सिंह, प्रीतम साहू, डी मरिया दास, उज्जवल तिवारी, बी पदमनाभन, टी. शंकर, आर प्रसंगी, शिवा कुमार उपस्तिथ थे।
आयोजन का विवरण
दिनांक: 20 अक्टूबर 2026, मंगलवार
समयः संध्या 6:00 बजे से
स्थानः सेक्टर-7 हाई स्कूल दशहरा मैदान, भिलाई नगर
रावण दहन: रात्रि 09:30 बजे
जारीकर्ता
युवा खेल एवं सांस्कृतिक मंडल, भिलाई
चन्ना केशवलू – आयोजक