मैड्रिड। स्पेन के टोलेडो प्रांत में बुधवार को दो हाई-स्पीड ट्रेनों के बीच भीषण टक्कर की खबर सामने आई है। इस हादसे में कम से कम 46 लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि कई अन्य यात्री घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई गई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर आपातकालीन सेवाओं को तैनात कर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, दुर्घटना में सरकारी रेल कंपनी रेनफे की एवीई ट्रेन और निजी कंपनी इर्यो की ट्रेन शामिल थीं। स्थानीय समयानुसार सुबह 8:54 बजे उर्दा रेलवे स्टेशन के पास हुई इस दुर्घटना के बाद दमकलकर्मियों, नागरिक सुरक्षा दलों और चिकित्सा टीमों को मौके पर भेजा गया। घायलों को सहायता पहुंचाने के लिए तीन मेडिकल हेलीकॉप्टर भी तैनात किए गए।
दोनों ट्रेनों में सवार थे सैकड़ों यात्री
स्पेन के समाचार पत्र ‘एल पाइस’ की रिपोर्ट के अनुसार, कैस्टिला-ला मांचा की क्षेत्रीय सरकार की प्रवक्ता एस्तेर पडिला ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों ट्रेनों में कुल 544 यात्री सवार थे। इनमें इर्यो ट्रेन में 146 यात्री और एक शिशु, जबकि रेनफे ट्रेन में 397 यात्री सवार थे।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, बचाव दल दुर्घटनास्थल पर फंसे यात्रियों की तलाश करने और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे रहे। हादसे की गंभीरता को देखते हुए राहत कार्य तेज कर दिया गया।
टक्कर के कारणों की जांच जारी
परिवहन मंत्रालय के प्रवक्ता के अनुसार, शुरुआती संकेतों से पता चलता है कि रेनफे की एवीई ट्रेन ने संभवतः इर्यो ट्रेन को पीछे से टक्कर मारी। टक्कर के कारण इर्यो ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतरकर तटबंध से नीचे गिर गए। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मैड्रिड से आंदालुसिया तक रेल सेवाएं प्रभावित
हादसे के बाद मैड्रिड और आंदालुसिया के बीच हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर पर परिचालन रोक दिया गया। इर्यो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर अतोचा स्टेशन से दक्षिणी रेल कॉरिडोर की ओर जाने वाली सभी सेवाएं निलंबित करने की जानकारी दी। वहीं, रेनफे ने मैड्रिड, स्यूदाद रियल और आंदालुसिया के बीच रेल सेवाएं रोकने की पुष्टि की।
रेल कंपनियों ने आपातकालीन प्रोटोकॉल सक्रिय करते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय शुरू किया है। फिलहाल रेल सेवाएं दोबारा कब शुरू होंगी, इस बारे में कोई स्पष्ट समयसीमा सामने नहीं आई है। हादसे की जांच और राहत-बचाव कार्य जारी है।