Railway Recruitment 2026 ; रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने स्टेशन मास्टर के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत देशभर में कुल 1,250 पदों को भरा जाएगा। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 27 अक्टूबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 25 नवंबर निर्धारित की गई है।
इस भर्ती के लिए उम्मीदवारों को रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rrbapply.gov.in पर जाकर आवेदन करना होगा। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को पात्रता, आयु सीमा और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी ध्यानपूर्वक जांचने की सलाह दी गई है।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
स्टेशन मास्टर पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से किसी भी विषय में स्नातक की डिग्री होना अनिवार्य है। निर्धारित आयु सीमा न्यूनतम 20 वर्ष और अधिकतम 33 वर्ष रखी गई है। वहीं, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
कितनी मिलेगी सैलरी?
रेलवे में स्टेशन मास्टर का पद सातवें वेतन आयोग के पे-मैट्रिक्स लेवल-6 के अंतर्गत आता है। चयनित उम्मीदवारों को 35,400 रुपये प्रतिमाह शुरुआती बेसिक वेतन मिलेगा। इसके अतिरिक्त नियमानुसार अन्य भत्तों का लाभ भी दिया जाएगा।
कितना देना होगा आवेदन शुल्क?
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 500 रुपये निर्धारित किए गए हैं। कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) में शामिल होने के बाद बैंक शुल्क काटकर 400 रुपये वापस कर दिए जाएंगे।
वहीं, महिला, एससी, एसटी, पूर्व सैनिक, ट्रांसजेंडर, अल्पसंख्यक और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग (EBC) के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये रखा गया है। परीक्षा में शामिल होने के बाद नियमानुसार पूरी राशि वापस कर दी जाएगी।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
स्टेशन मास्टर भर्ती के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। उम्मीदवार नीचे दिए गए चरणों का पालन करके फॉर्म भर सकते हैं।
- सबसे पहले रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rrbapply.gov.in पर जाएं।
- आरआरबी CEN 08/2026 स्टेशन मास्टर भर्ती के आवेदन लिंक पर क्लिक करें।
- नए उम्मीदवार अपना अकाउंट बनाएं।
- आधार संबंधी जानकारी या आरआरबी अकाउंट क्रेडेंशियल के माध्यम से लॉगिन करें।
- आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक भरें।
- आवश्यक दस्तावेज निर्धारित फॉर्मेट और साइज में अपलोड करें।
- अपनी श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क का भुगतान करें।
- फॉर्म सबमिट करने के बाद कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर उसका प्रिंट सुरक्षित रख लें।
रेलवे में स्टेशन मास्टर बनने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए यह एक अच्छा अवसर हो सकता है। अभ्यर्थियों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक भर्ती अधिसूचना में दी गई सभी शर्तों और दिशा-निर्देशों की पुष्टि जरूर कर लें।