एशियन पैरा गेम्स में चमके भारतीय खिलाड़ी, अब PM मोदी से होगी खास मुलाकात

नई दिल्ली। एशियन पैरा गेम्स 2026 में अपने शानदार प्रदर्शन से देश का गौरव बढ़ाने वाले भारतीय खिलाड़ियों के लिए गुरुवार का दिन खास होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 नवंबर को शाम 4:30 बजे नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भारतीय पैरा एथलीट्स के दल से मुलाकात करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री खिलाड़ियों को संबोधित भी करेंगे और उनकी ऐतिहासिक उपलब्धियों की सराहना करेंगे।

114 मेडल जीतकर भारत ने बनाया नया रिकॉर्ड

जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। भारत के 97 पैरा एथलीट्स ने कुल 114 पदक अपने नाम किए। इनमें 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य पदक शामिल हैं।

इस उपलब्धि के साथ भारत ने 2023 में हांगझोऊ में बनाए गए अपने पिछले रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। उस प्रतियोगिता में भारतीय दल ने कुल 111 पदक जीते थे, जिनमें 29 स्वर्ण, 21 रजत और 51 कांस्य पदक शामिल थे।

पैरा एथलेटिक्स में भारत का रहा दबदबा

प्रतियोगिता में भारत को सबसे ज्यादा सफलता पैरा एथलेटिक्स में मिली। भारतीय खिलाड़ियों ने इस स्पर्धा में कुल 65 पदक हासिल किए, जिनमें 22 स्वर्ण, 19 रजत और 24 कांस्य पदक शामिल रहे।

इसके अलावा पैरा आर्चरी और पैरा बैडमिंटन में भारत ने 3-3 स्वर्ण पदक जीते। वहीं पैरा शूटिंग में 2 स्वर्ण सहित कुल 5 पदक हासिल किए।

मेडल टैली में चौथे स्थान पर रहा भारत

एशियन पैरा गेम्स 2026 की पदक तालिका में भारत 114 पदकों के साथ चौथे स्थान पर रहा। चीन ने 435 पदकों के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि जापान 186 पदकों के साथ दूसरे और उज्बेकिस्तान 145 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। दक्षिण कोरिया 100 पदकों के साथ पांचवें स्थान पर रहा।

PM मोदी ने भी की थी खिलाड़ियों की तारीफ

भारतीय दल की इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले भी खिलाड़ियों की सराहना कर चुके हैं। उन्होंने 114 पदकों को एशियन पैरा गेम्स में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बताते हुए पूरे दल को बधाई दी थी। प्रधानमंत्री ने कहा था कि प्रत्येक खिलाड़ी ने इस ऐतिहासिक सफलता में योगदान दिया है और अपनी उपलब्धियों से देश के अनगिनत लोगों को प्रेरित किया है।

गुरुवार को होने वाले कार्यक्रम में खिलाड़ियों के अलावा कोच, भारतीय पैरालंपिक समिति और भारतीय ओलंपिक संघ के अधिकारी, राष्ट्रीय खेल संघों के प्रतिनिधि तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री के साथ यह मुलाकात भारतीय पैरा खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सम्मान देने और उनके हौसले को बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *