भिलाई। बीएसपी टाउनशिप में रिटेंशन स्कीम के तहत रहने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारियों के क्वार्टर किराए में कमी के बाद भिलाई की राजनीति गरमा गई है। दिल्ली में कांग्रेस के बड़े प्रदर्शन से लौटे विधायक देवेंद्र यादव ने इस मुद्दे को लेकर स्थानीय सांसद विजय बघेल और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय पर जमकर निशाना साधा।
सेक्टर-2 के वॉलीबॉल ग्राउंड में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी-3 की ओर से आयोजित दीपावली मिलन कार्यक्रम में पहुंचे विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि बीएसपी रिटेंशन स्कीम और थर्ड पार्टी एलॉटमेंट के तहत क्वार्टर के किराए में बढ़ोतरी के खिलाफ लंबे समय से आंदोलन चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वे सत्याग्रह पर बैठे थे, तब प्रशासन और बीएसपी प्रबंधन ने किराया कम करने का फैसला सेल प्रबंधन के अधिकार क्षेत्र में होने की बात कही थी।
‘जख्म भी यही देते हैं और दवा भी यही’
देवेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री निवास में हुई बैठक के बाद अब स्थिति स्पष्ट हो गई है। उनके मुताबिक, डबल इंजन की सरकार में बीएसपी से जुड़े फैसलों को लेकर राज्य सरकार की भूमिका सामने आ रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “जख्म भी यही देते हैं और दवा भी यही देते हैं।”
विधायक ने आरोप लगाया कि जब बीएसपी प्रबंधन ने क्वार्टरों का किराया बढ़ाया था, तब सांसद और पूर्व मंत्री की मौन सहमति थी। अब किराया कम होने के बाद इसका श्रेय लेने की कोशिश की जा रही है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि भिलाई की बसाहट को बचाने के लिए जो भी प्रयास करेगा, वह उसके साथ खड़े हैं, भले ही श्रेय कोई और ले।
24 रुपये से घटाकर 6 रुपये प्रति वर्गफीट हुआ किराया
गौरतलब है कि बीएसपी टाउनशिप में रिटेंशन स्कीम के तहत रहने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारियों के क्वार्टर किराए में भारी वृद्धि की गई थी। इसके विरोध में कर्मचारी लंबे समय से आंदोलन कर रहे थे। हाल ही में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बीएसपी के डायरेक्टर इंचार्ज को बुलाकर किराए में कमी करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद बीएसपी प्रबंधन ने किराए को 24 रुपये प्रति वर्गफीट से घटाकर 6 रुपये प्रति वर्गफीट कर दिया।
इस फैसले के बाद भिलाई में राजनीतिक श्रेय को लेकर भी बयानबाजी शुरू हो गई है। एक ओर बीएसपी के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने सांसद विजय बघेल और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय का स्वागत किया, वहीं विधायक देवेंद्र यादव के समर्थक इसे आगामी नगर निगम चुनाव से जोड़कर भाजपा पर निशाना साध रहे हैं।
10 हजार नोटिस वापस लेने की मांग को लेकर पदयात्रा
विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि छठ पर्व के बाद वे सेक्टर-9 हनुमान मंदिर से बीएसपी मेन गेट तक पदयात्रा करेंगे। उन्होंने बीएसपी प्रबंधन द्वारा लाइसेंस निरस्त करने के लिए जारी किए गए करीब 10 हजार नोटिस वापस लेने की मांग उठाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि भिलाई की बसाहट से जुड़े सभी मुद्दों पर गंभीरता से बात होनी चाहिए और केवल किराया कम करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए।