फिल्म प्रमोशन बना विवाद की वजह, विजय देवरकोंडा पर दर्ज हुआ मामला

मुंबई/हैदराबाद। साउथ फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित अभिनेता विजय देवरकोंडा एक बड़े विवाद में घिरते नजर आ रहे हैं। उन पर एससी/एसटी (अनुसूचित जाति/जनजाति) अधिनियम के तहत रायदुर्गम पुलिस स्टेशन (साइबराबाद) में आधिकारिक शिकायत दर्ज की गई है। यह मामला उनकी एक कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर है, जिसे आदिवासी समुदाय के खिलाफ बताया जा रहा है।

शिकायतकर्ता ‘ज्वाइंट एक्शन कमेटी ऑफ ट्राइबल कम्युनिटी’ के अध्यक्ष नेनावथ अशोक कुमार हैं, जिन्होंने आरोप लगाया है कि देवरकोंडा ने फिल्म ‘रेट्रो’ के प्री-रिलीज कार्यक्रम के दौरान ऐसा बयान दिया जिससे आदिवासी समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।

क्या कहा था विजय देवरकोंडा ने?

हैदराबाद में फिल्म ‘रेट्रो’ के प्रमोशनल इवेंट में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विजय देवरकोंडा ने कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले और भारत-पाक तनाव पर बोलते हुए कहा था — “जैसे पहले आदिवासी कबीले लड़ते थे, वैसे ही अब भारत और पाकिस्तान लड़ रहे हैं।”

उनके इस बयान को आदिवासी समुदाय की छवि को धूमिल करने वाला बताया गया है। संगठन का कहना है कि यह तुलना अनुचित है और आदिवासी समाज के ऐतिहासिक योगदान, सांस्कृतिक गौरव और पर्यावरण संरक्षण की भूमिका को नकारती है।

बयान सामने आने के बाद राज्यभर में आदिवासी संगठनों द्वारा तीव्र विरोध किया गया। कई स्थानों पर प्रदर्शन हुए और थानों में लिखित शिकायतें दर्ज कराई गईं। इसके बाद रायदुर्गम पुलिस ने आधिकारिक रूप से मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।

‘ज्वाइंट एक्शन कमेटी ऑफ ट्राइबल कम्युनिटी’ ने स्पष्ट कहा कि देवरकोंडा को जनजातीय समाज के प्रति सार्वजनिक माफ़ी मांगनी चाहिए। साथ ही यह भी मांग की गई कि भविष्य में सार्वजनिक मंच से बयान देते समय जिम्मेदारी और ऐतिहासिक तथ्यों का सम्मान करें।

मामले के तूल पकड़ने के बावजूद विजय देवरकोंडा की तरफ से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उनके प्रशंसक और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कुछ लोग इस मामले को ग़लतफहमी भी बता रहे हैं, जबकि कई सामाजिक संगठनों ने उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *