दहेज की मांग पर महिला को जलाया, मौत के बाद पति गिरफ्तार

नोएडा। दहेज प्रथा के खिलाफ कड़े कानूनों और जागरूकता अभियानों के बावजूद ऐसी घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला ग्रेटर नोएडा से सामने आया है, जहां ससुराल वालों द्वारा दहेज की मांग को लेकर एक महिला को आग के हवाले कर दिया गया। गंभीर रूप से झुलसी महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस ने मृतका के पति विपीन को मुख्य आरोपी मानते हुए गिरफ्तार कर लिया है, वहीं सास, ससुर और बहनोई पर भी मामला दर्ज कर लिया गया है।

घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है, जब पीड़िता को गंभीर हालत में फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर उसे दिल्ली के सफदरजंग रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

पीड़िता की बड़ी बहन कंचन ने पुलिस में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया है कि शादी के समय ब्रांडेड कार और कीमती सामान दिए जाने के बावजूद ससुराल पक्ष ने 35 लाख रुपये और एक और गाड़ी की मांग की। कंचन का आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसकी बहन निक्की को लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा और आखिरकार ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग के हवाले कर दिया गया।

परिजनों ने बताया कि पंचायत स्तर पर कई बार मामले का समाधान कराने की कोशिश हुई, लेकिन उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। पड़ोसियों की मदद से निक्की को अस्पताल पहुंचाया गया, मगर उसकी जान नहीं बच सकी।

ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि पीड़िता की बहन की शिकायत के आधार पर पति, सास, ससुर और बहनोई पर मामला दर्ज किया गया है। पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *