गोविंदा-सुनीता के तलाक की खबरों पर मैनेजर का बड़ा बयान, बताई पूरी सच्चाई

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के तलाक को लेकर फैली अफवाहों पर अब बड़ा अपडेट सामने आया है। लंबे समय से सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स में यह चर्चा चल रही थी कि इस स्टार कपल का रिश्ता टूटने की कगार पर है। लेकिन अब अभिनेता के मैनेजर ने इन अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।

मैनेजर शशि ने मीडिया से बातचीत में कहा कि तलाक को लेकर जो खबरें सामने आ रही हैं, वे पूरी तरह पुरानी घटनाओं पर आधारित हैं। उन्होंने स्पष्ट किया, “भले ही कोर्ट में कुछ कागज दाखिल किए गए थे, लेकिन वह मामला काफी पहले सुलझ चुका है। अब गोविंदा और सुनीता के बीच सब कुछ सामान्य है।”

जब उनसे यह पूछा गया कि क्या यह वही केस है जो 2024 में सुनीता ने बांद्रा फैमिली कोर्ट में दाखिल किया था, तो उन्होंने पुष्टि की कि हां, यह वही मामला था। उन्होंने कहा, “यह पुरानी बात है जिसे आज फिर से ताजा विवाद की तरह पेश किया जा रहा है। सच्चाई यह है कि कपल के बीच अब लगभग सब कुछ ठीक हो चुका है। चिंता की कोई बात नहीं है। हम जल्द ही इस पर आधिकारिक बयान भी जारी करेंगे।”

उन्होंने मीडिया में फैली अफवाहों पर नाराजगी भी जताई और कहा, “क्या आपने गोविंदा को खुद इसके बारे में कुछ कहते सुना है? फिल्म इंडस्ट्री और मीडिया में अक्सर लोग गलतफहमी और भ्रामक जानकारी का फायदा उठाते हैं। कोई न कोई इस विवाद से लाभ कमाना चाहता है।”

गौरतलब है कि इसी साल फरवरी में भी ऐसी खबरें आई थीं कि सुनीता ने तलाक के लिए अर्जी दी है और नोटिस भेजा है। वहीं, अभिनेता गोविंदा पिछले कुछ महीनों से निजी दिक्कतों से भी जूझ रहे थे। अक्टूबर में बंदूक साफ करते वक्त उनके पैर में गोली लग गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था।

मैनेजर के इस बयान के बाद अब साफ हो गया है कि तलाक की खबरें केवल अफवाह थीं और इस स्टार कपल के बीच सब कुछ सामान्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *