दुर्ग। दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने क्षेत्रवासियों को एक और फोरलेन सड़क की सौगात दी है। केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव के प्रयास से 2024-25 के बजट में स्वीकृत इस परियोजना के लिए शासन ने 23.96 करोड़ रुपये की राशि मंजूर कर दी है।
1.80 किमी सड़क चौड़ीकरण के साथ आधुनिक सुविधाएं
इस योजना के तहत महाराजा चौक से बोरसी तक 1.80 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। साथ ही सड़क पर जल निकासी व्यवस्था, डिवाइडर और स्ट्रीट लाइट की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी। सड़क चौड़ी होने से प्रतिदिन यहां से गुजरने वाले हजारों वाहनों का यातायात आसान होगा।
ट्रैफिक दबाव कम होगा, ग्रामीणों को भी मिलेगी राहत
शहर के भीतरी क्षेत्रों में लंबे समय से बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने में यह सड़क महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही उतई और पाटन क्षेत्र के निवासी भी इस चौड़ीकरण से लाभान्वित होंगे।
वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
इस सड़क के चौड़ीकरण की मांग क्षेत्र के नागरिक बरसों से कर रहे थे। मंत्री गजेन्द्र यादव ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए इंजीनियरों की टीम के साथ निरीक्षण किया और प्रस्ताव तैयार कर शासन से स्वीकृति दिलाई।
नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता: गजेन्द्र यादव
केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि “दुर्ग शहर के सतत विकास और नागरिकों की सुविधा हमारी पहली प्राथमिकता है। महाराजा चौक से बोरसी मार्ग का फोरलेन कार्य पूरा होने के बाद ट्रैफिक दबाव कम होगा और लोगों का समय बचेगा। इससे न केवल शहरवासियों को बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को भी सुगम यातायात का लाभ मिलेगा।”