स्पोर्ट्स डेस्क | नई दिल्ली। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2025 के फाइनल में वेस्ट दिल्ली लायंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेंट्रल दिल्ली किंग्स को 6 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ वेस्ट दिल्ली लायंस ने पहली बार डीपीएल ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 173 रन बनाए। टीम की ओर से युगल सैनी ने 48 गेंदों में 65 रन की बेहतरीन पारी खेली। हालांकि, दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। इसके अलावा प्रांशु विजयरन ने भी नाबाद 50 रन बनाकर पारी को संभाला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्ट दिल्ली लायंस की शुरुआत लड़खड़ाती रही और शुरुआती 5 ओवर में ही 3 विकेट गिर गए। लेकिन कप्तान नितीश राणा ने दबाव झेलते हुए मैच का रुख पलट दिया। उन्होंने 49 गेंदों पर नाबाद 79 रन ठोके, जिसमें 7 छक्के और 4 चौके शामिल रहे। उनके साथ ऋतिक शौकीन ने भी 27 गेंदों पर नाबाद 42 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। दोनों के बीच हुई साझेदारी ने 18वें ओवर में ही टीम को जीत दिला दी।
पूरे टूर्नामेंट में भी नितीश राणा का बल्ला लगातार बोलता रहा। उन्होंने 11 मैचों में 65.50 की औसत और 181.94 के स्ट्राइक रेट से कुल 393 रन बनाए और डीपीएल 2025 के चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उनसे आगे अर्पित राणा (495), सार्थक रंजन (449) और यश ढुल (435) रहे।
इससे पहले साल 2024 में ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने टूर्नामेंट का पहला खिताब जीता था।
वेस्ट दिल्ली लायंस की ऐतिहासिक जीत के साथ ही दिल्ली प्रीमियर लीग को नया चैंपियन मिल गया है।