रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुरू किया गया ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ अभियान पहले ही दिन ठंडा पड़ गया। पेट्रोल पंप एसोसिएशन द्वारा तीन दिन पहले इस अभियान की घोषणा की गई थी, जिसका उद्देश्य लोगों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक करना था। लेकिन हकीकत में पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट वाले वाहन चालकों को आराम से पेट्रोल दिया जा रहा है।
अभियान का असर नहीं
आज से राजधानी में इस नियम को लागू किया जाना था। हालांकि, कई पेट्रोल पंपों पर कर्मचारी बिना हेलमेट वालों को पेट्रोल देने से नहीं रोक रहे। इससे साफ है कि एसोसिएशन का यह फैसला जमीन पर टिक नहीं पाया और नियम शुरुआत से ही ठंडे बस्ते में चला गया।
लोग नियम तोड़ रहे, जागरूकता अधूरी
पेट्रोल पंप एसोसिएशन का दावा था कि ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ अभियान से हेलमेट जागरूकता बढ़ेगी और लोग सुरक्षा के प्रति गंभीर होंगे। लेकिन लोगों ने नियम को दरकिनार कर दिया है। बिना हेलमेट वाले लोग पेट्रोल डलवा रहे हैं और कर्मचारियों ने भी सख्ती दिखाने से परहेज किया।