महिला वर्ल्ड कप की ओपनिंग सेरेमनी से पाक टीम ने बनाई दूरी, भारत दौरे पर अनिश्चितता

गुवाहाटी/कोलंबो। आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 इस बार भारत और श्रीलंका में संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है। टूर्नामेंट की शुरुआत 30 सितंबर से होगी और खिताबी मुकाबला 2 नवंबर को खेला जाएगा। वर्ल्ड कप की भव्य ओपनिंग सेरेमनी गुवाहाटी स्थित डॉ. भूपेन हजारिका क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित की जाएगी, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं।

हालांकि, पाकिस्तानी महिला क्रिकेट टीम इस उद्घाटन समारोह में हिस्सा नहीं लेगी। पाकिस्तानी मीडिया चैनल जियो सुपर के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने टीम या किसी भी प्रतिनिधि को समारोह में भेजने से इनकार कर दिया है। इसके पीछे कारण भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट बोर्डों के बीच हुआ आपसी समझौता है, जिसके तहत अगले तीन वर्षों तक दोनों देशों की टीमें एक-दूसरे के देश में नहीं खेलेंगी।

इसी समझौते की शुरुआत आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से हुई थी, जब भारतीय टीम ने पाकिस्तान में मैच खेलने से इनकार कर दुबई में अपने सभी मुकाबले खेले थे। उसी आधार पर अब पाकिस्तान महिला टीम अपने सभी वर्ल्ड कप मैच श्रीलंका के कोलंबो स्थित आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेलेगी।

यहां तक कि यदि पाकिस्तान सेमीफाइनल या फाइनल तक पहुंचती है, तो वे मुकाबले भी कोलंबो में ही होंगे।पाकिस्तान महिला टीम अपने अभियान की शुरुआत 2 अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ करेगी, जबकि भारत-पाक का रोमांचक मुकाबला 5 अक्टूबर को निर्धारित है। टीम की कमान फातिमा सना के हाथों में होगी और उप-कप्तान मुनीबा अली होंगी। टीम में आलिया रियाज, डायना बेग और नशरा संधू जैसी अनुभवी खिलाड़ी भी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *