लापरवाही से तीन माह की बच्ची की गई जान, कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य विभाग ने दो नर्सों को किया निलंबित

अम्बिकापुर। जिला चिकित्सालय बलरामपुर में इलाज के दौरान 3 माह की मासूम बच्ची की मौत मामले में लापरवाही उजागर होने पर स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई की है।

मामला 10 सितंबर 2025 का है, जब वेब और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में “नर्स की लापरवाही से 03 माह की मासूम की मौत” शीर्षक से वीडियो वायरल हुआ था। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं, सरगुजा संभाग अंबिकापुर डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने तत्काल जांच दल गठित कर रिपोर्ट मांगी थी।

जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए गए स्टाफ नर्स सतीस अरकसेल और नीतू केसरी को 12 सितंबर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दोनों का मुख्यालय जिला चिकित्सालय बलरामपुर ही रखा गया है।

संभागीय संयुक्त संचालक ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों को चेतावनी दी है कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करें। भविष्य में ऐसी लापरवाही पर तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी और इसकी जिम्मेदारी सीधे संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की होगी।

इस घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य अमले में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, आमजन में भी अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *