हैदराबाद | राजेंद्रनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत किस्मतपुर ब्रिज के नीचे से पुलिस ने बुधवार को बोरी में बंद एक अज्ञात युवती का नग्न शव बरामद किया। मृतका की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष आंकी गई है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।
प्रारंभिक जांच में राजेंद्रनगर पुलिस का अनुमान है कि युवती की हत्या करीब तीन दिन पहले किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शव को यहां लाकर फेंक दिया गया। शव पर कपड़ों का अभाव और हालत को देखते हुए पुलिस इस मामले को दुष्कर्म और हत्या से जोड़कर जांच कर रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस और क्लूज टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घटनास्थल से साक्ष्य इकट्ठा किए जा रहे हैं। मृतका की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के इलाकों की CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि किसी संदिग्ध का सुराग मिल सके।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम का गठन किया है। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के पास मृतका या इस घटना से संबंधित कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
इस जघन्य वारदात के सामने आने के बाद से स्थानीय लोग दहशत में हैं और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं से मामले की गहन जांच जारी है।