प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में “स्वच्छता ही सेवा 2025 पखवाड़ा” का किया शुभारंभ

रायपुर | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज परिसर में “स्वच्छता ही सेवा 2025 पखवाड़ा” की शुरुआत की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने रायपुर नगर निगम और अन्य नगरीय निकायों के लिए स्वच्छता को समर्पित डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने स्वयं हाथ में झाड़ू लेकर परिसर की सफाई की और लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पखवाड़े के दौरान पूरे प्रदेश में विविध स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित होंगे और मुख्यमंत्री ने युवाओं से विशेष भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि स्वप्रेरणा और जागरूकता समाज में सकारात्मक बदलाव लाएगी।

प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को स्वच्छ बनाने का बड़ा लक्ष्य रखा है और इसे आगे बढ़ाना हम सबकी जिम्मेदारी है।

स्टालों का अवलोकन और महिला वेंडर्स को प्रोत्साहन

शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने नगरीय प्रशासन विभाग के विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से उनके आजीविका मूलक कार्यों की जानकारी ली। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0, सीएसपीडीसीएल, क्रेडा की पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, कचरा संग्रहण एवं प्रबंधन मॉडल और स्व-सहायता समूहों के उत्पादों का भी जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने “खुशियों का ठेला” योजना के तहत महिला वेंडर्स को प्रोत्साहित किया और उन्हें ऑनलाइन लेन-देन की सुविधा के लिए यूपीआई साउंड बॉक्स डिवाइस प्रदान किए।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, विधायक सुनील सोनी, महापौर मीनल चौबे सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *