छत्तीसगढ़ ने रचा इतिहास: सूरजपुर की 75 ग्राम पंचायतें ‘बाल विवाह मुक्त’ घोषित

सूरजपुर | प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिवस पर छत्तीसगढ़ ने सामाजिक सुधार की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सूरजपुर जिले की 75 ग्राम पंचायतों को “बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत” का दर्जा दिया गया है। पिछले दो वर्षों में यहां एक भी बाल विवाह का मामला दर्ज नहीं हुआ।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल और नेतृत्व को इस सफलता का मुख्य आधार माना जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में विभाग ने जागरूकता अभियान चलाए, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और पंचायत प्रतिनिधियों को सक्रिय किया और समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित की।

मंत्री राजवाड़े ने कहा कि सूरजपुर की यह पहल न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री मोदी के अमृत महोत्सव वर्ष में समाज में सकारात्मक बदलाव का सशक्त संदेश बताया।

जिला प्रशासन ने महिला एवं बाल विकास विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय समुदाय की सामूहिक भूमिका की सराहना की।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में 10 मार्च 2024 को “बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान” की शुरुआत यूनिसेफ के सहयोग से हुई थी। सूरजपुर की सफलता से प्रेरित होकर अब राज्य के अन्य जिलों में भी बाल विवाह मुक्त पंचायतों को प्रमाणित करने की प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *