सीमा पर बढ़ते तनाव के बीच भारत ने पाकिस्तानी विमानों के लिए एयरस्पेस प्रतिबंध बढ़ाया

नई दिल्ली भारत और पाकिस्तान के बीच हवाई क्षेत्र को लेकर जारी तनातनी कम होने का नाम नहीं ले रही है। पाकिस्तान के हालिया फैसले के जवाब में भारत ने भी पाकिस्तानी एयरलाइंस और विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र पर लगे प्रतिबंध को एक और महीने के लिए बढ़ा दिया है।

भारत के विमानन प्राधिकरण द्वारा सोमवार को जारी नए ‘नोटिस टू एयरमेन’ (NOTAM) के अनुसार, यह प्रतिबंध अब 24 अक्टूबर 2025 सुबह 5:29 बजे तक लागू रहेगा। यह फैसला पाकिस्तान द्वारा भारतीय विमानों के लिए अपने एयरस्पेस को इसी तारीख तक बंद करने की घोषणा के बाद लिया गया है।

दोनों देशों के बीच यह गतिरोध इस साल अप्रैल में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद शुरू हुआ था। पाकिस्तान ने 24 अप्रैल को पहली बार भारतीय विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद किया था। इसके जवाब में भारत ने 30 अप्रैल को पाकिस्तानी विमानों के लिए अपने एयरस्पेस को बंद करने की घोषणा की थी। तब से दोनों देश हर महीने नया NOTAM जारी कर प्रतिबंध को बढ़ा रहे हैं।

यह प्रतिबंध केवल भारत और पाकिस्तान की एयरलाइंस व सैन्य उड़ानों पर लागू है। अन्य देशों की एयरलाइंस दोनों देशों के हवाई क्षेत्र का उपयोग पहले की तरह कर सकती हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि इस कदम से भारत-पाक के बीच हवाई और राजनयिक संबंधों में तनाव बना हुआ है और स्थिति में फिलहाल कोई नरमी के संकेत नहीं दिख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *