दिल दहला देने वाली घटना : घर में घुसकर रिश्तेदार ने चापड़ से 50 वर्षीय महिला का सिर धड़ से किया अलग

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के ख्याला इलाके में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। यहां एक शख्स ने अपनी ही रिश्तेदार पर चापड़ से हमला कर गला काटकर हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने आईं दो अन्य महिलाओं को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया।

पुलिस के मुताबिक घटना सुबह करीब 8 बजे की है। आरोपी की पहचान बब्बू खान के रूप में हुई है, जो पीड़ित परिवार का ही रिश्तेदार है। बताया जा रहा है कि किसी पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी हथियार लेकर पीड़िता के घर पहुंचा और 50 वर्षीय नुसरत पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले की बर्बरता इतनी थी कि नुसरत की गर्दन धड़ से अलग हो गई और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

चीख-पुकार सुनकर जब रिश्तेदार अकबरी नुसरत को बचाने दौड़ीं, तो बब्बू ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसके बाद घर में मौजूद 20 वर्षीय सानिया पर भी आरोपी ने वार किया, जिससे उसकी उंगली कट गई।

परिवार के अन्य सदस्यों ने किसी तरह आरोपी को काबू कर बाथरूम में बंद किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बब्बू खान को गिरफ्तार कर लिया। घायल महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग बेहद डरे हुए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *