दुर्ग में चलती कोयला लदी ट्रक में भीषण आग, खारुन नदी ब्रिज पर धूं-धूं कर जली

दुर्ग/कुम्हारी,जिले से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां कुम्हारी थाना क्षेत्र में खारुन नदी के ब्रिज पर एक चलती ट्रक में भीषण आग लग गई। ट्रक में कोयला लदा हुआ था, जो देखते ही देखते धूं-धूं कर जलकर खाक हो गया। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, कोयला लदा एक ट्रक कुम्हारी से रायपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक खारुन नदी के ब्रिज के बीचों बीच पहुँची, अचानक ट्रक से धुआं निकलने लगा। धुआं निकलते देख सतर्क ड्राइवर ने तत्काल ट्रक रोक दी और नीचे उतर गया। जब उसने जांच-पड़ताल की तो पाया कि कोयले के भीतर आग सुलग रही थी।

ड्राइवर कुछ समझ पाता, इससे पहले ही कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग की लपटें आसमान छूने लगीं और पूरा ट्रक जलकर स्वाहा हो गया।

पुलिस और दमकल विभाग मौके पर

इस घटना की सूचना तत्काल कुम्हारी थाने को दी गई। सूचना मिलते ही कुम्हारी थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित किया। फिलहाल, दमकल विभाग (फायर ब्रिगेड) को भी सूचना दे दी गई है और आग बुझाने का प्रयास जारी है। आग लगने के कारण ब्रिज पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया था। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *