डेजॉन: दक्षिण कोरिया के मध्य में स्थित शहर डेजॉन में शनिवार देर रात एक कार पुर्जे बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में कम से कम 10 कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 59 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में लगभग 25 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के समय फैक्ट्री के अंदर करीब 170 कर्मचारी मौजूद थे। हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और बचाव दल की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया। बचाव अभियान के दौरान एक शव इमारत की दूसरी मंजिल से और तीन शव तीसरी मंजिल से बरामद किए गए। वहीं चार अन्य कर्मचारी अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
आग बुझाने और बचाव कार्य के दौरान दमकल कर्मियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इमारत के गिरने की आशंका के कारण वे तुरंत अंदर नहीं जा सके। इसके अलावा फैक्ट्री में लगभग 200 किलोग्राम सोडियम का भंडार भी मौजूद था, जिससे विस्फोट का खतरा बना हुआ था और स्थिति और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी जरूरी संसाधनों और आधुनिक उपकरणों का उपयोग कर प्रभावित लोगों की जल्द से जल्द मदद की जाए।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। स्थानीय प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है ताकि हादसे के पीछे की वजह सामने आ सके।