नई दिल्ली: आधार कार्ड उपयोगकर्ताओं के लिए डिजिटल सुविधा के मोर्चे पर बड़ा अपडेट आने वाला है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) आज 28 फरवरी को अपने नए आधार मोबाइल ऐप का पूर्ण संस्करण लॉन्च करने की तैयारी में है। इस बात की पुष्टि UIDAI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा की गई जानकारी के जरिए की है। माना जा रहा है कि ऐप किसी भी समय आधिकारिक रूप से लाइव किया जा सकता है।
नए ऐप के शुरू होने के बाद आधार से जुड़ी कई सेवाएं ऑनलाइन और आसान हो जाएंगी, जिससे लोगों को आधार सेवा केंद्रों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
मोबाइल नंबर अपडेट करना होगा बेहद आसान
अब तक आधार कार्ड में मोबाइल नंबर बदलने के लिए लोगों को नजदीकी आधार केंद्र पर जाना पड़ता था, जहां लंबी कतारें और समय की परेशानी आम बात थी। UIDAI के नए ऐप के फुल वर्जन के लॉन्च के बाद यह प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन हो जाएगी। यूजर्स अपने मोबाइल फोन से ही, कहीं से भी आधार में नया मोबाइल नंबर अपडेट कर सकेंगे। खासतौर पर नौकरीपेशा और दूर-दराज इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए यह सुविधा बेहद फायदेमंद साबित होगी।
डेटा सुरक्षा पर खास फोकस
UIDAI ने नए ऐप को सुरक्षा के लिहाज से और ज्यादा मजबूत बनाया है। ऐप में ‘मास्किंग’ फीचर दिया गया है, जिसके जरिए यूजर्स आधार नंबर, जन्म तिथि और पते जैसी संवेदनशील जानकारी को छिपाकर वेरिफिकेशन के लिए साझा कर सकेंगे। इससे निजी जानकारी के दुरुपयोग की आशंका काफी हद तक कम होगी।
अब फिजिकल आधार रखने की जरूरत नहीं
यह नया आधार ऐप पहले से ही एंड्रॉयड और आईओएस प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है, लेकिन अब इसके सभी उन्नत फीचर्स सक्रिय हो जाएंगे। ऐप के जरिए डिजिटल आधार हर समय मोबाइल में उपलब्ध रहेगा, जिससे फिजिकल कार्ड या उसकी फोटोकॉपी साथ रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
UIDAI का यह कदम आधार सेवाओं को और ज्यादा सुरक्षित, तेज और उपयोगकर्ता के अनुकूल बनाने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।